गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. mopa international airport goa gets second airport in mopa pm modi inaugurates
Written By
Last Modified: रविवार, 11 दिसंबर 2022 (21:17 IST)

गोवा से देश को PM मोदी की सौगात, मिला दूसरा एयरपोर्ट, 3 राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का किया उद्घाटन

गोवा से देश को PM मोदी की सौगात, मिला दूसरा एयरपोर्ट, 3 राष्ट्रीय आयुष संस्थानों का किया उद्घाटन - mopa international airport goa gets second airport in mopa pm modi inaugurates
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि दुनिया ने विभिन्न उपचार शैलियों को आजमाया है और वह आयुर्वेद की प्राचीन पद्धति की ओर लौट रही है। प्रधानमंत्री ने गोवा स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान, गाजियाबाद स्थित राष्ट्रीय यूनानी चिकित्सा संस्थान और दिल्ली स्थित राष्ट्रीय होम्योपैथी संस्थान का गोवा से डिजिटल तरीके से उद्घाटन किया।
 
मोदी नौवें विश्व आयुर्वेद सम्मेलन (डब्ल्यूएसी) और ‘आरोग्य एक्सपो’ के समापन सत्र को संबोधित करने के लिए आज दोपहर गोवा पहुंचे थे। आयुर्वेद सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
 
उन्होंने कहा कि दुनिया इलाज के कई तरीके आजमा चुकी है और अब आयुर्वेद की प्राचीन पद्धति की ओर लौट रही है। आयुर्वेद न केवल शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि समग्र स्वास्थ्य के बारे में बात करता है।
 
प्रधानमंत्री ने इस बात को लेकर खुशी व्यक्त की कि 30 से अधिक देशों ने आयुर्वेद को पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के रूप में स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि हमें इसे और देशों में फैलाना चाहिए और आयुर्वेद को मान्यता देनी चाहिए।
 
मोदी ने कहा कि आयुष उद्योग 8 साल पहले (2014 में जब उन्होंने प्रधानमंत्री पद संभाला था) 20,000 करोड़ रुपए से बढ़कर 1.50 लाख करोड़ रुपए हो गया है।
 
उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार आगे बढ़ रहा है और हमें औषधीय पौधे लगाकर लाभ उठाने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे और अधिक रोजगार का सृजन होगा।
 
मोदी ने कहा कि आधुनिक विज्ञान और उपचार साक्ष्य-आधारित डाटाबेस पर निर्भर करते हैं। आयुर्वेद क्षेत्रों को इस तरह का एक डाटाबेस तैयार करने की आवश्यकता है। केंद्र सरकार के आयुष पोर्टल पर पहले से ही लगभग 40,000 शोध अध्ययन अपलोड किए जा चुके हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान, मंत्रालय को कम से कम 150 विशिष्ट शोध अध्ययन प्रस्तुत किए गए थे।
 
उन्होंने घोषणा की कि देश में जल्द ही एक राष्ट्रीय आयुष अनुसंधान संघ होगा। उन्होंने कहा कि गोवा जैसे राज्य में आयुर्वेद और योग पर्यटन संभव है और अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उद्घाटन उस दिशा में आगे बढ़ाया गया एक कदम हो सकता है।
 
केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने इस मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी और गतिशील नेतृत्व ने आयुर्वेद क्षेत्र को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
 
सोनोवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आयुष क्षेत्र में एक बड़ा परिवर्तन लेकर आए हैं और भारत और विदेशों से सकारात्मक प्रतिक्रिया के कारण डब्ल्यूएसी को बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक चिकित्सा के लिए वैश्विक केंद्र गुजरात में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘यह ‘आयुष का अमृत महोत्सव’ होगा।’
 
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि धारगल स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान में गोवा के लोगों के लिए सीटों में 50 प्रतिशत आरक्षण होगा। उन्होंने कहा कि आयुष मंत्रालय एक ही दिन में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू कर रहा है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि गोवा में आयुष का एक अलग विभाग होगा, जो आयुष चिकित्सकों को समर्पित होगा।
 
 मोपा एयरपोर्ट का उद्‍घाटन :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तरी गोवा के मोपा में ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री (दिवंगत) मनोहर पर्रिकर के नाम पर हवाईअड्डे का नाम मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा रखा जाएगा।
 
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं के मामले में लोगों की जरूरत का ध्यान रखने के बजाय दशकों तक वोट बैंक पर ध्यान दिया। उत्तरी गोवा में स्थित मोपा हवाईअड्डा राज्य का दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा है। मोदी ने  2016 में मोपा में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की आधारशिला रखी थी। हवाई अड्डे के पहले चरण के तहत हर साल 44 लाख यात्रियों की आवाजाही की व्यवस्था होगी।
 
50 मीटर की दूरी : मोपा में रविवार को ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के उद्घाटन के साथ ही गोवा को अब एक दूसरा अंतररराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है जो दक्षिण गोवा के डाबोलिम हवाई अड्डे से 50 किलोमीटर की दूरी पर है। अब गोवा के दोनों जिलों में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं। डाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले से मौजूद था और अब मोपा में नया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बन गया है। भाषा