suvichar
Tue, 4 Aug 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Mansoon Update: Heavy rain in Assam

मानसून अपडेट : असम में भारी बारिश, बाढ़ से 3.52 लाख लोग प्रभावित

Mansoon Update
गुवाहाटी। असम में पिछले 24 घंटे से जारी जोरदार बारिश के कारण लगभग सभी नदियां उफान पर हैं और 15 जिलों में साढ़े तीन लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में हैं जिनमें धीमाजी जिला सर्वाधिक प्रभावित है।   
     
राज्य में सात प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं जिनमें ब्रहमपुत्र दो स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
       
राज्य के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने राज्य के मुख्य सचिव को प्रभावित क्षेत्रों में बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के निर्देश दिए हैं और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है। सोनोवाल इस समय दिल्ली में हैं।
       
उन्होंने मुख्य सचिव वी के पिपरसेनिया को सभी प्रभावित जिलों के उपायुक्तों से वीडियो कांफ्रेसिंग कर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने को कहा है। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय में राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों के साथ अन्य जिलों के उपायुक्तों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग मामले की ताजा जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्कता पड़ने पर खुले शिविर भी लगाने के निर्देश दिए हैं।

उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की चेतावनी : मौसम वैज्ञानिकों ने कुछ पूर्वोत्तर राज्यों, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और बिहार में भारी बारिश की आशंका जताई है। भारी बारिश की वजह से असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, सिक्किम, पूर्वी उत्तर प्रदेश और उत्तरी बिहार की नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
यौन शोषण मामले में राघवजी को बड़ा झटका