मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Mallikarjun Kharge took over the command of Congress
Written By
Last Modified: बुधवार, 26 अक्टूबर 2022 (12:13 IST)

मल्लिकार्जुन खड़गे ने संभाली कांग्रेस की कमान, सोनिया बोलीं- राहत महसूस कर रही हूं...

Mallikarjun Kharge
नई दिल्ली। कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को बुधवार को औपचारिक रूप से निर्वाचन पत्र सौंपा गया और इसी के साथ उन्होंने पदभार ग्रहण कर लिया।मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्‍यक्ष पर की कमान संभाल लेने के बाद पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, मैंने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी क्षमता के अनुसार अपना कर्तव्य निभाया। इस जिम्मेदारी से मुक्त होने पर राहत महसूस कर रही हूं।

पार्टी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के प्रमुख मधुसूदन मिस्त्री ने खड़गे को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। इस मौके पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य राजेश मिश्रा, अरविंदर सिंह लवली और ज्योति मणि भी मंच पर मौजूद रहे।

इनके अलावा कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य, प्रदेश कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष और पार्टी के कई अन्य पदाधिकारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

पदभार ग्रहण करने से पहले खड़गे ने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

पदभार ग्रहण करने के बाद खड़गे के सामने एक तरफ राजस्थान का सियासी संकट तत्काल चुनौती बनकर खड़ा है तो अगले कुछ हफ्तों में होने जा रहे गुजरात एवं हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव भी बड़ी चुनौती हैं। वहीं 2024 का लोकसभा चुनाव उनके लिए सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगा।

दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले 80 वर्षीय खड़गे ने 17 अक्टूबर को हुए ऐतिहासिक चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी 66 वर्षीय शशि थरूर को मात दी थी। पार्टी के 137 साल के इतिहास में छठी बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव हुआ था। इसमें 24 साल बाद गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति कांग्रेस का अध्यक्ष चुना गया था।
Sonia Gandhi

सोनिया गांधी बोलीं- राहत महसूस कर रही हूं : मल्लिकार्जुन खड़गे के कांग्रेस अध्‍यक्ष पर की कमान संभाल लेने के बाद पूर्व अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, मैंने कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में अपनी क्षमता के अनुसार अपना कर्तव्य निभाया। इस जिम्मेदारी से मुक्त होने पर राहत महसूस कर रही हूं। मुझे विश्वास है कि खड़गे से पूरी पार्टी को प्रेरणा मिलेगी और उनके नेतृत्व में कांग्रेस लगातार मजबूत होगी।

सोनिया ने कहा, आज कांग्रेस के सामने कई चुनौतियां हैं, सबसे बड़ी चुनौती यह है कि लोकतांत्रिक मूल्यों के सामने जो संकट पैदा हुआ है, उसका हम सफलतापूर्वक मुकाबला करें। सोनिया गांधी ने कहा, कांग्रेस के सामने पहले भी बड़े-बड़े संकट आए हैं, लेकिन पार्टी ने कभी हार नहीं मानी है, सभी को मिलकर आगे बढ़ना है।(इनपुट भाषा)
Edited by : Chetan Gour 
ये भी पढ़ें
बड़ी खबर, बीमा कंपनी के ग्राहकों का डेटा हुआ हैक, साइबर अपराधी ने दी यह धमकी...