• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. List of 15 BJP candidates for Gujarat Lok Sabha elections
Last Modified: अहमदाबाद , शनिवार, 2 मार्च 2024 (22:10 IST)

Gujarat Lok Sabha Election : राजकोट से रूपाला और पोरबंदर से मांडविया को टिकट, BJP ने 15 सीटों के लिए घोषित किए उम्मीदवार

5 मौजूदा सांसदों के काटे टिकट

Mansukh Mandaviya
List of 15 BJP candidates for Gujarat Lok Sabha elections : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शनिवार को गुजरात की 26 लोकसभा सीट में से 15 के लिए उम्मीदवार घोषित कर दिए। भाजपा ने राज्य से 5 मौजूदा सांसदों के टिकट काट दिए हैं जबकि केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और परषोत्तम रूपाला को टिकट दिया है। भाजपा ने साल की पहली छमाही में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची की घोषणा शाम को नई दिल्ली में की।
 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे, यह सीट उन्होंने 2019 के चुनावों में भारी अंतर से जीती थी, जबकि गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल को नवसारी से बरकरार रखा गया है। जिन मौजूदा सांसदों के टिकट काटे गए हैं उनमें राजकोट से पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री मोहन कुंडारिया, पोरबंदर से रमेश धादुक, अहमदाबाद पश्चिम से किरीट सोलंकी, बनासकांठा से परबत पटेल और पंचमहाल से रतन सिंह राठौड़ शामिल हैं।
कुंडारिया के स्थान पर राजकोट से केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री परषोत्तम रूपाला चुनाव लड़ेंगे। रूपाला अमरेली जिले से आते हैं। भावनगर जिले के रहने वाले मांडविया को धादुक के स्थान पर पोरबंदर से मैदान में उतारा गया है। भाजपा ने छह बार के सांसद एवं वरिष्ठ आदिवासी नेता मनसुख वसावा को भरूच से मैदान में उतारा है। भरूच विपक्षी कांग्रेस द्वारा ‘इंडिया’ गठबंधन के समझौते के तहत अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) को दी गई दो सीटों में से एक है।
 
15 उम्मीदवारों की पहली सूची में 2 महिलाएं शामिल : आप डेडियापाडा से अपने विधायक चैतर वसावा के नाम की घोषणा भरूच सीट से पहले ही कर चुकी है। केंद्रीय संचार राज्य मंत्री देवुसिंह चौहान को खेड़ा से मैदान में उतारा गया है, जहां से उन्होंने 2014 और 2019 में जीत हासिल की थी। राज्य के 15 उम्मीदवारों की पहली सूची में 2 महिलाएं शामिल हैं जिनमें जामनगर की सांसद पूनम मदाम और रेखाबेन चौधरी शामिल हैं।
चौधरी को परबत पटेल की जगह बनासकांठा से पहली बार टिकट दिया गया है। भाजपा ने अहमदाबाद पश्चिम (आरक्षित) सीट पर किरीट सोलंकी की जगह दिनेश मकवाना को टिकट दिया है, जबकि पंचमहाल में मौजूदा सांसद रतन सिंह राठौड़ की जगह राजपाल सिंह जादव को टिकट दिया गया है।
 
2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी : सत्तारूढ़ पार्टी ने कच्छ (आरक्षित) सीट से विनोद चावड़ा, पाटन से भरत सिंह डाभी, आणंद से मितेश पटेल और दाहोद से जसवंत सिंह भाभोर को बरकरार रखा है। वर्ष 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की सभी 26 सीटों पर जीत हासिल की थी। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
NIA ने मोस्ट वांटेड आतंकी नयाजी को 1 मार्च को किया गिरफ्तार, RSS नेता की हत्या में है आरोपी