मंगलवार, 1 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Modi says NDA has crossed 400, I say BJP alone has crossed 400
Last Modified: शुक्रवार, 1 मार्च 2024 (22:28 IST)

मोदी कहते हैं NDA 400 पार, मैं कहती हूं अकेले BJP 400 पार

राम मंदिर आंदोलन में अहम भूमिका निभाने वाली पूर्व मंत्री उमा भारती पहुंचीं अयोध्या

Uma Bharti on Lok Sabha elections
Uma Bharti on Lok Sabha elections: भाजपा नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने अयोध्या में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहते हैं एनडीए के साथ 400 सीटें जीतेंगे, लेकिन मैं कहती हूं कि अकेले भाजपा ही 400 पार करेगी। एनडीए की सीट उसके अलावा होंगी। सरकार एक बार फिर एनडीए की ही बनेगी। 
 
राहुल गांधी के राम मंदिर से जुड़े बयान पर उमा भारती ने कहा कि राम की लहर ही नहीं राम की हुमार है। समुद्र हुमार है।  सनातन से अनादि काल तक धरती पर राम ही हैं। राहुल गांधी का बोलना उनकी मजबूरी है क्योंकि उन्होंने अपने हलफनामे में राम का अस्तित्व ही नकार दिया था।  जिन्होंने राम के अस्तित्व को माना ही नहीं है, उनको ना लहरें दिखेंगी ना ही हिलोर। 
 
गठबंधन पर उन्होंने बोला कि कुछ भी नहीं है। गांठ ही नहीं जुड़ेगी। विपक्ष ने ठीक से अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई क्योंकि विपक्ष की भी देश के प्रति जिम्मेदारी होती है। खाली आलोचना करना उसका काम नहीं होता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकसभा चुनाव में 15 से 20 सीटों पर सिमट जाएगी। 
 
उन्होंने कहा कि हमारी आस्था मथुरा, काशी और अयोध्या में थी। 1991 में जब बिल आया था उसमें अयोध्या को विवादित मानकर अलग कर दिया गया था। मथुरा और काशी प्रतिबंधित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मथुरा और काशी में मंदिर बनना बहुत जरूरी है। मेरी आस्था कोर्ट में नहीं है मेरे दिल में है और यह रहेगी। यह तब तक रहेगी जब तक वहां पर मंदिर नहीं बन जाएगा।
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का वह बयान कि मथुरा और काशी हमको दे दो बाकी मस्जिद तुम ले लो, इस पर उमा भारती ने कहा कि यह मुख्यमंत्री जी ने नहीं कहा था, उससे पहले मैंने पार्लियामेंट में यह बात कही थी। इस मामले में 1991 में मैं दिल्ली में बोल चुकी हूं। योगी जी ने मेरी बातों को ही रिपीट किया है। 
 
मनोज पांडे ने किए रामलला के दर्शन : राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले समाजवादी पार्टी के मुख्य सचेतक रहे मनोज पांडे ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने के बाद अपनी पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि उन्होंने पार्टी की बैठक में विधायकों को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दर्शन करने के लिए कहा था, लेकिन उन सभी को रोका गया।
 
उन्होंने इसे दुर्भाग्यशाली बताते हुए कहा कि सोचिए उसे समय कितना दुख हुआ होगा। इसी के साथ उन्होंने सपा में रहते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य पर भी हमला बोला और कहा कि जब भी देवी-देवताओं पर अनर्गल प्रलाप हुआ है। तब हमेशा मनोज पांडे विरोध में चट्टान की तरह खड़े रहे हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिना राम के हम सब कुछ नहीं है, वही हम सबके पालक हैं। साफ जाहिर है मनोज पांडे सीधे तौर पर सपा मुखिया अखिलेश यादव को राम विरोधी बता रहे हैं और पार्टी में टूट के लिए भी यही मुख्य कारण बता रहे हैं। 
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 
ये भी पढ़ें
Paytm Payments Bank को बड़ा झटका, FIU ने लगाया 5.49 करोड़ का जुर्माना