शनिवार, 28 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news of 4 June in India
Last Updated : मंगलवार, 4 जून 2024 (08:15 IST)

Weather Update: तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, भीषण गर्मी का दौर जारी

छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा में हल्की बारिश हुई

Weather Update: तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून, भीषण गर्मी का दौर जारी - Latest weather news of 4 June in India
Weather Update: देश में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। आज देश का सियासी तापमान भी बढ़ने वाला है, क्योंकि आज लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम जो आने वाले हैं। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में लू चलने की आशंका जताई है। साथ ही कई राज्यों में बारिश भी होने वाली है। इस बीच मानसून भी समय से पहले केरल में प्रवेश के बाद तेज गति से आगे बढ़ रहा है।

 
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दिल्ली में 4 और 7 जून को बारिश हो सकती है, जो गर्मी से बड़ी लेकिन अल्पकालिक राहत दिलाएगी। IMD ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की बारिश की आशंका का अनुमान लगाया है। इसके अलावा 25-35 किमी प्रति घंटे की गति से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं और दिन के समय तेज हवाएं चल सकती हैं।
 
गले 2 दिनों में मध्य अरब सागर, कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्रप्रदेश, पश्चिम मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर समुद्र तल से 3.1 से 5.8 किलोमीटर ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।

 
दक्षिण आंध्रप्रदेश और उत्तरी तमिलनाडु तट के पास पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर एक और चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। गुजरात के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पूर्व उत्तरप्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल: पिछले 24 घंटों के दौरान असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, तटीय ओडिशा, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में मध्यम से भारी बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, केरल, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंतरिक ओडिशा और पूर्वोत्तर मध्यप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

 
छत्तीसगढ़, तटीय कर्नाटक, दक्षिण कोंकण और गोवा में हल्की बारिश हुई और विदर्भ और बिहार में 1 या 2 स्थानों पर हल्की बारिश हुई। राजस्थान के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी और गरज के साथ बारिश हुई। उत्तरप्रदेश, हरियाणा, हिमाचलप्रदेश और मध्यप्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लू की स्थिति बनी रही।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज मंगलवार को अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वोत्तर भारत, तमिलनाडु, कर्नाटक, सिक्किम और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, ओडिशा के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
 
दक्षिण मध्यप्रदेश, दक्षिण गुजरात, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, जम्मू कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में लू चलने की संभावना है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
Lok Sabha Election Results Live Commentary: लोकसभा चुनाव परिणाम 2024, रुझानों में एनडीए को बहुमत