बुधवार, 16 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 16 October 2024 in India
Last Updated : बुधवार, 16 अक्टूबर 2024 (09:32 IST)

पूर्वोत्तर मानसून से कई राज्यों में बारिश, IMD का 3 राज्यों के लिए रेड अलर्ट

आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में मूसलधार बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर मानसून से कई राज्यों में बारिश, IMD का 3 राज्यों के लिए रेड अलर्ट - Latest weather news for 16 October 2024 in India
Weather Updates: संपूर्ण भारत से दक्षिण-पूर्व मानसून (monsoon) की बिदाई हो चुकी है। लेकिन दूसरी ओर मानसून ने प्रायद्वीपीय भारत (peninsular India) में कहर मचाना शुरू कर दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि कल मंगलवार को तटीय आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पुडुचेरी सहित मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्सों और राजस्थान में बारिश हुई। IMD ने 3 राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
 
आईएमडी के अनुसार दिल्ली में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। ऐसा इसलिए कि देश की राजधानी और आसपास के इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 17 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है, वहीं बादल छाए रहने की वजह से अधिकतम पारा अभी भी 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।ALSO READ: ChennaiRains: चेन्नई में भारी बारिश, स्कूल और कॉलेजों में छुट्‍टी, कर्नाटक के कई जिलों में येलो अलर्ट
 
आईएमडी के अनुसार पूरे देश से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो चुकी है, वहीं प्रायद्वीपीय भारत में पूर्वोत्तर मानसून की गतिविधि मंगलवार 15 अक्टूबर से शुरू हुई। मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक आंध्रप्रदेश के तट के पास साइक्लोनिक सर्कुलेशन बन रहा है तो दूसरी और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के ऊपर बहुत गहरा निम्न दबाव बन रहा है, जो धीरे-धीरे एक बड़े साइक्लोनिक सर्कुलेशन का आकार लेगा। इनकी वजह से तटीय आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु, केरल, आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण तेलंगाना में आज मूसलधार बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए रेड अलर्ट भी जारी किया है।
 
आंध्रप्रदेश और तमिलनाडु में मूसलधार बारिश की संभावना : आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर मानसून की दक्षिण बंगाल की खाड़ी में 2 गहरे दबाव बनने की वजह से 16 और 17 अक्टूबर को तमिलनाडु, केरल, आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ हिस्से में मूसलधार बारिश होने की संभावना है, वहीं मंगलवार को कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडु और राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश हुई, जो आज भी जारी रह सकती है।ALSO READ: अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में डबल मौसमी सिस्टम, भारी बारिश की चेतावनी
 
दिल्ली में न्यूनतम तापमान का पारा गिरा : मौसम विभाग ने मंगलवार को बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान का पारा गिरा है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस कम है। मौसम विभाग ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास में रह सकता है। बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली में ग्रैप के पहले चरण को लागू कर दिया गया है।
 
पुडुचेरी में आज भारी बारिश का पूर्वानुमान, स्कूल व कॉलेज बंद रहेंगे : पुडुचेरी सरकार ने मंगलवार को कहा कि पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में सभी स्कूल और कॉलेज बुधवार को बंद रहेंगे, क्योंकि मौसम विभाग ने बुधवार, 16 अक्टूबर को भारी बारिश का अनुमान जताया है। गृह मंत्री ए. नम्मशिवायम ने कहा कि सभी निजी संस्थान और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल कल भी बंद रहेंगे। भारी बारिश के मद्देनजर दोनों क्षेत्रों के स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद कर दिए गए थे।
 
उपराज्यपाल के कैलाशनाथन ने केंद्र शासित प्रदेश में बारिश के चलते सरकारी तंत्र द्वारा उठाए गए कदमों की समीक्षा की। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज करने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
 
जिलाधिकारी ए. कुलोथुंगन ने कहा कि पुडुचेरी और कराईकल क्षेत्रों में नियंत्रण कक्ष और राहत शिविर खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि उपराज्यपाल को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों की 62 टीम की तैयारियों से अवगत कराया गया, जो सोमवार को अरोकोणम से यहां पहुंचीं। सरकार ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी इंतजाम किए हैं।ALSO READ: मुंबई में फिर मौसम ने ली करवट, आंधी-तूफान के साथ बारिश, सड़कें पानी में डूबीं
 
बेंगलुरु सहित कई हिस्सों में भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित : कर्नाटक में मंगलवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण राजधानी बेंगलुरु समेत राज्य के मध्य और दक्षिणी भागों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को जलभराव और यातायात जाम का भी सामना करना पड़ा।
 
भारी बारिश के कारण शहर की ज्यादातर सड़कों पर वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वरथुर, हेब्बल, कडुबीसनहल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं। आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर मान्यता टेक पार्क जैसी प्रमुख प्रौद्योगिकी कंपनियों और सरजापुर जैसे प्रौद्योगिकी केंद्र वाले इलाके भी बारिश से प्रभावित हुए।
 
यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मान्यता टेक पार्क के पास नागवाड़ा फ्लाईओवर पर पानी भर गया जिसके कारण दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। इसके अलावा हेनूर-बगलूर रोड, गंगानगर और राममूर्ति नगर में भी पानी भर गया। भारी बारिश के कारण पूरे शहर में यातायात धीमा हो गया।
 
बेंगलुरु में बारिश के मद्देनजर बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) ने अपने 8 क्षेत्रों में चौबीसों घंटे सातों दिन वाले विशेष नियंत्रण कक्ष स्थापित किए हैं और बारिश से संबंधित समस्याओं की सूचना देने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर (1533) भी शुरू किया है।ALSO READ: Weather Updates: दिल्ली में तापमान बढ़ा, IMD ने किया 11 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
 
यातायात पुलिस के अनुसार ओआरआर, तुमकुरु रोड और एयरपोर्ट मार्ग सहित प्रमुख सड़कों पर जाम की सूचना मिली। हुनसमरनहल्ली में बेल्लारी रोड पर भी भारी जलभराव की स्थिति बरकरार है। एक अधिकारी ने आग्रह किया कि हवाई अड्डे की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना इस जानकारी के अनुसार बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
 
उन्होंने बताया कि कडुबीसनहल्ली और मराठल्ली के बीच ओआरआर पर भारी जलभराव और जाम है। आवाजाही धीमी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अधिकारियों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से यह वर्षा हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के उत्तरी भागों के शुष्क क्षेत्रों में अगले 24 घंटों के दौरान इसी तरह का मौसम रहेगा। एक अधिकारी ने कहा कि यह स्थिति अगले 3 से 4 दिनों तक रहेगी।
 
बेंगलुरु में बारिश के कारण सड़कों पर जाम लगने से छात्रों और दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आईएमडी ने तटीय कर्नाटक के अलावा तुमकुरू, मैसूरु, कोडागु, चिकमंगलुरु, हासन, कोलार, शिवमोगा और चिक्काबल्लापुर जिलों के लिए मौसम का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। यह चेतावनी मौसम की बिगड़ती स्थिति को दर्शाती है और यहां जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
 
स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून बिहार, झारखंड के शेष हिस्सों से वापस चला गया है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम, छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों, मध्यप्रदेश, ओडिशा के शेष हिस्सों और असम के कुछ हिस्सों, और मेघालय और बंगाल की उत्तर-पश्चिमी खाड़ी में प्रवेश कर गया है।
 
18 अक्टूबर तक देश के शेष हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। इसके साथ ही दक्षिणी प्रायद्वीप, दक्षिण और निकटवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी पर पूर्वी और उत्तर पूर्वी हवाओं की स्थापना के साथ, उसी अवधि के दौरान दक्षिण-पूर्व प्रायद्वीपीय क्षेत्र में पूर्वोत्तर मानसून वर्षा गतिविधि शुरू हो जाती है। ओमान तट पर दबाव एक स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में धीरे-धीरे कमजोर होने की उम्मीद है।
 
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में निम्न दबाव का क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के दक्षिण के मध्य भाग में एक सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में तीव्र हो गया है। इसके अगले 48 घंटों के दौरान एक दबाव के रूप में तीव्र होने और पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर तमिलनाडु और इससे सटे दक्षिण आंध्रप्रदेश तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटों के दौरान आंध्रप्रदेश के दक्षिणी तट और तटीय तमिलनाडु में भारी से बहुत भारी बारिश हुई। तमिलनाडु और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। तमिलनाडु, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्यप्रदेश, तटीय आंध्रप्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वोत्तर भारत, बिहार, झारखंड, तटीय ओडिशा, उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, गंगीय पश्चिम बंगाल और लक्षद्वीप में हल्की बारिश हुई।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (Skymet Weather) के अनुसार आज बुधवार, 16 अक्टूबर को  तमिलनाडु, केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तटीय आंध्रप्रदेश में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विदर्भ मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात और दक्षिणी मध्यप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी राजस्थान, लक्षद्वीप और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की बारिश संभव है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
live : उमर अब्दुल्ला आज लेंगे CM पद की शपथ, जम्मू कश्मीर को मिलेगा मुख्‍यमंत्री