1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Lashkar-Lashkar-e-Taiba, terrorist organization, hawala businessman

लश्कर आतंकियों, हवाला कारोबारियों को ईडी का नोटिस

Lashkar-Lashkar-e-Taiba
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आतंकवाद के वित्तपोषण के मामले में लश्कर-ए-तैयबा के एक कथित आतंकी और दिल्ली के दो हवाला कारोबारियों को फेमा के तहत कारण बताओ नोटिस भेजा है।
 
केंद्रीय जांच एजेंसी ने कहा कि उसने मोहम्मद अयूब मीर और दिल्ली के दो हवाला कारोबारियों बेच राज बेंगानी तथा हरबंस सिंह के खिलाफ विदेशी विनिमय प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किया है।
 
ईडी ने कहा कि मीर पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सक्रिय सदस्य है। एजेंसी ने कहा कि मीर को दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा ने उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह लंदन की एक कंपनी के निर्देश पर सिंह से हवाला कारोबार के जरिए सात लाख रुपए ले रहा था।
 
ईडी ने एक बयान में कहा, मीर ने लश्कर के साथ अपनी साझेदारी की बात कबूली है। वह आतंकी संगठन के लिए हवाला के जरिए पैसा एकत्रित करने और धन देने में संलिप्त था। सिंह ने यह भी स्वीकार किया कि वह बेंगानी के कहने पर हवाला का भुगतान करने में शामिल था। 
 
एजेंसी ने कहा कि बेंगानी हवाला कारोबार में शामिल था और उस पर पहले भी फेरा के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसे अब रद्द कर दिया गया है। (भाषा)
अगला लेख
जगजीत सिंह पर बनी डॉक्यूमेंट्री फरवरी में रिलीज