sundarkand
Mon, 26 Oct 2026

Notifications

  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Kishori Amonkar, Death, Lata Mangeshkar

अमोनकर का निधन शास्त्रीय संगीत को बड़ी क्षति : लता मंगेशकर

Kishori Amonkar
मुंबई। सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने किशोरी अमोनकर के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए बड़ी क्षति है।
 
जानी-मानी शास्त्रीय गायिका अमोनकर का सोमवार रात अपने आवास पर निधन हो गया। वे 84 वर्ष की थीं। लता ने ट्वीट कर अमोनकर की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
 
उन्होंने लिखा, मुझे अभी अभी पता चला कि महान शास्त्रीय गायिका किशोरी अमोनकर जी का स्वर्गवास हुआ, यह सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। वे एक असाधारण गायिका थीं। लता ने ट्वीट किया, उनके जाने से शास्त्रीय संगीत जगत को बहुत हानि हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। श्रेया घोषाल, शबाना आजमी, विशाल ददलानी जैसे अनेक गायकों और सेलिब्रिटियों ने भी अमोनकर के निधन पर दुख व्यक्त किया। 
 
शबाना ने लिखा, बहुत बड़ा नुकसान है। मैं उनकी बड़ी प्रशंसक रही हूं और अपने आप को भाग्यशाली मानती हूं कि मैं उस समय की हूं, जब मैंने किशोरी अमोनकर को गाते हुए सुना है। श्रेया ने लिखा, किशोरी अमोनकर नहीं रहीं। मेरे प्रेरणास्रोतों में से एक थीं। उनकी आवाज और मधुर गायकी बचपन से मेरे जीवन का हिस्सा रही है। 
 
विशाल ने लिखा, भगवान किशोरी अमोनकरजी की आत्मा को शांति दे। उनकी रोशनी के बिना संगीत की दुनिया धुंधला गई है। कैलाश खेर ने ट्वीट किया, महान गायकों में से एक इस दुनिया को छोड़कर आगे की यात्रा के लिए निकल पड़ीं। संगीम का संस्थान..भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
 
गायक एवं संगीतकार सलीम मर्चेंट ने कहा, किशारी अमोनकरजी चली गईं..उनका संगीत अमर है..और पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। वे हमारी 'भारत रत्न' हैं। उनकी कमी खलेगी। (भाषा)