1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. kejriwal operation to make india number 1

केजरीवाल ने शुरू किया ‘मेक इंडिया नंबर 1’ अभियान

arvind kejriwal
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए बुधवार को एक राष्ट्रीय मिशन की शुरुआत की और सभी नागरिकों एवं राजनीतिक दलों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया।
 
उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए नागरिकों को मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा, युवाओं को रोजगार, महिलाओं को समान अधिकार तथा सम्मान और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्रदान करना आवश्यक है।
 
केजरीवाल ने कहा कि वह मिशन ‘मेक इंडिया नंबर 1’ के तहत देश भर की यात्रा करेंगे ताकि लोगों को इस पहल में शामिल होने और इसके उद्देश्यों को प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस मिशन की प्रकृति अराजनीतिक है।
 
मुख्यमंत्री ने कहा, 'यह किसी राजनीतिक दल का मिशन नहीं है, यह एक राष्ट्रीय मिशन है। मैं भाजपा और अन्य सभी दलों से आह्वान करता हूं कि वे आगे आएं और भारत को दुनिया का नंबर एक देश बनाने के लिए इस पहल में शामिल हों।'
 
उन्होंने कहा कि सिंगापुर जैसे कई देशों को भारत के बाद आजादी मिली लेकिन वे हमसे आगे हैं। केजरीवाल ने सवाल किया कि भारतीयों के दुनिया में सबसे बुद्धिमान और मेहनती होने के बावजूद भारत क्यों पिछड़ रहा है।
अगला लेख
बिलकिस मामले पर राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री की कथनी और करनी में है अंतर