1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Kejriwal attacks JP Nadda says, India is great

केजरीवाल का नड्डा पर पलटवार, भारत महान था, महान है और हमेशा महान ही रहेगा

arvind kejriwal
Kejriwal attacks JP Nadda : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के एक बयान निंदा करते हुए उसे बेहद ही घटिया और हर भारतीय को अपमानित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मेरा भारत देश महान था, महान है और हमेशा महान रहेगा।
 
केजरीवाल ने नड्डा का एक बयान ट्वीट कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष का ये बयान बेहद ही घटिया और हर भारतीय को अपमानित करने वाला है। मेरा भारत देश महान था, महान है और हमेशा महान रहेगा। नड्डा इसमें कहते दिखाई दे रहे हैं कि 9 साल पहले घुटने टेक कर चलने वाला भारत था, अब दुनिया में सिक्का जमाने वाला भारत बन गया।
 
उल्लेखनीय है कि कर्नाटक के कोप्पल में एक चुनावी सभा में नड्डा ने कहा कि था 9 साल पहले घुटने टेक कर चलने वाला भारत था, अब दुनिया में सिक्का जमाने वाला भारत बन गया।
 
उन्होंने कहा कि 9 साल पहले हम पिछलग्गू देश के रूप में जाने जाते थे, फैसले नहीं लेने वाले देश के रुप में जाने जाते थे, आज वही देश, मोदी के नेतृत्व में संवेदनशील सरकार, जवाबदेह सरकार, जानदार सरकार और लोगों की सेवा करने वाली सरकार के रुप में जाना जाता है। 
 
नड्डा ने कहा कि हमने धर्म आधारित आरक्षण को खत्म कर दिया जो असंवैधानिक था। कांग्रेस इस आरक्षण को बहाल करना चाहती है। कांग्रेस का उद्देश्य है- समाज में फूट डालो, विभाजन करो और राजनीति करो।
 
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आज अमेरिका की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गई है, यूरोप, आस्ट्रेलिया और चीन की अर्थव्यवस्था लड़खड़ा गई है, लेकिन आज भारत मोदी जी के नेतृत्व में अर्थव्यवस्था में बुलंदी से आगे बढ़ रहा है। 9 साल पहले भारत की अर्थव्यवस्था 10वीं नंबर की थी,  आज हम ब्रिटेन को पछाड़कर 5वीं नंबर की अर्थव्यस्था बन गए हैं।
 
उन्होंने कहा कि आजकल डीके शिवकुमार कह रहे हैं कि हनुमान जी का मंदिर बनाएंगे। यह इसलिए बोल रहे हैं, क्योंकि उन्हें मजबूर किया है, जो कांग्रेस नेता कभी मंदिर नहीं जाते थे, आज वो चंदन और जनेऊ लगाकर घूम रहे हैं। भगवान राम को ताला लगाओ तुम, हनुमान को ताला लगाओ तुम...और फिर बोलो कि हनुमान मंदिर बनाएंगे! हनुमान जी का आशीर्वाद भाजपा पर है।
अगला लेख
IRCTC की ई-टिकट बुकिंग साइट पड़ी ठप, एप भी नहीं हो रहा ओपन