कार्ति चिदंबरम के 14 परिसरों पर सीबीआई की छापेमारी
नई दिल्ली। केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने आईएनएक्स मीडिया कंपनी में विदेशी निवेश में गड़बड़ी के संबंध मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिंदबरम के पुत्र कार्ति चिदंबरम के चेन्नई, मुंबई, दिल्ली और गुड़गांव के 14 ठिकानों पर छापे मारे।
सीबीआई के संयुक्त निदेशक विनीत विनायक ने यहां मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि छापेमारी में हार्डडिस्क, कागजात, ई-मेल और अन्य सामग्री जब्त की गई है, जिनकी जांच चल रही है।
उन्होंने बताया कि आईएनएक्स मीडिया कंपनी में विदेशी निवेश के लिए विदेशी निवेश संवर्द्धन बोर्ड में गलत जानकारी दी गई। कंपनी में मॉरिशस के रास्ते से 26 प्रतिशत निवेश किया गया था। इस निवेश को बोर्ड ने वर्ष 2007-08 में मंजूरी दी थी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि इस अवधि में बोर्ड द्वारा मंजूर किए सभी विदेशी निवेशों की जांच होगी। विनायक ने बताया कि छापेमारी के दौरान 3.5 करोड़ रुपए के बिल और 10 लाख रुपए के वाउचर मिले हैं।
ये बिल और वाउचर एडवेंटेज स्ट्रैटेजिक कल्सलटिंग प्राइवेट लिमिटेड को भुगतान के लिए हैं। यह कंपनी कार्ति चिंदबरम के एक निकट सहयोगी की है और दोनों कंपनियों में कई निदेशक समान हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई थी और जांच के दौरान सामने वाले सभी लोगों से पूछताछ की जाएगी। (वार्ता)