1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Jammu-Srinagar National Highway Landslide

भूस्खलन के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, हजारों यात्री फंसे

Jammu-Srinagar National Highway
बनिहाल/जम्मू। जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में शनिवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ताजा भूस्खलन होने की घटना के कारण विभिन्न स्थानों पर हजारों यात्री फंसे रहे।
 
अधिकारियों ने बताया कि 270 किमी लंबा यह राजमार्ग विभिन्न स्थानों पर भारी हिमपात और भूस्खलन के कारण दो दिनों तक बंद रहने के बाद आज सुबह दोबारा खोला गया था।
 
यातायात विभाग के एक अधिकारी ने कहा, राजमार्ग पर माहर के पास रामबन उपनगर से दो किमी दूर अपराह्न दो बजे के आसपास भारी भूस्खलन हुआ जिससे सड़क बंद करनी पड़ी।
 
अधिकारियों के अनुसार तुरंत ही सफाई अभियान चलाया गया लेकिन मलबा इतना अधिक था कि यातायात के लिए सड़क को रविवार को ही खोला जा सकेगा।
 
उन्होंने बताया कि शनिवार की सुबह हल्के वाहनों को जम्मू और श्रीनगर दोनों तरफ जाने की अनुमति दी गयी थी, लेकिन ताजा भूस्खलन से हजारों यात्री फंस गए हैं।
 
घाटी में इस साल की पहली बर्फबारी के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए गुरुवार को बंद कर दिया गया था।
 
अधिकारियों ने बताया कि सीमावर्ती जिलों पुंछ और रजौरी को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड को चौथे दिन शनिवार को बंद रखा गया था। शोपियां में पीर की गली के पास भारी बर्फबारी के बाद सड़क को बुधवार को यातायात के लिए बंद कर दिया गया था।
अगला लेख
अयोध्या फैसले पर आडवाणी का बयान, खुद को मानता हूं धन्य