शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Incessant rain continues in Kerala
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 5 अगस्त 2022 (21:30 IST)

Weather Updates: केरल में लगातार बारिश जारी, रेड अलर्ट, राहत शिविरों में शरण ले रहे लोग

Weather Updates: केरल में लगातार बारिश जारी, रेड अलर्ट, राहत शिविरों में शरण ले रहे लोग - Incessant rain continues in Kerala
नई दिल्ली/ तिरुवनंतपुरम। केरल (Kerala) के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश जारी है। इस कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त है। सड़कों पर जलजमाव से बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। अनेक लोगों को घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी है, वहीं भारत मौसम विभाग (आईएमडी) ने राज्य के 8 जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
 
आईएमडी ने राज्य के पथनमथितट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, एर्णाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड और कन्नूर समेत 8 जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया है जबकि तिरुवनंतपुरम को छोड़कर शेष जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी तिरुवनंतपुरम में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
 
विभिन्न नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के करीब या उसे (निशान को) पार कर गया है। पठानमतिट्टा जिले के अधिकारियों के मुताबिक भूस्खलन और बाढ़ की आशंका के चलते कई परिवारों को राहत शिविरों में स्थानांतरित कर दिया गया है।
 
मानसून ट्रफ अब गंगानगर, हिसार, अलीगढ़, हरदोई, वाराणसी, जमशेदपुर, बालासोर और फिर पूर्व दक्षिण-पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। एक विंडशियर जॉन का क्षेत्र दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के उत्तर में लगभग 11 डिग्री उत्तर में है, जो समुद्र तल से 3।1 और किमी ऊपर है।

पश्चिम मध्य और दक्षिण आंध्रप्रदेश से सटे दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उत्तरी तमिलनाडु तट पर चक्रवाती परिसंचरण 3।1 औसत समुद्र स्तर तक फैला हुआ है। मध्य उत्तरप्रदेश के दक्षिणी भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
 
स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान, लक्षद्वीप, केरल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई और बिहार, उत्तरी हरियाणा, उत्तराखंड, सिक्किम और गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।
 
तमिलनाडु, रायलसीमा, केरल के कुछ हिस्सों, कर्नाटक, तेलंगाना, तटीय ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, मध्य और पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों और दिल्ली एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान, गुजरात, उत्तर पूर्व भारत, बिहार के कुछ हिस्सों, तटीय आंध्रप्रदेश और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश हुई।
 
अगले 24 घंटों के दौरान, केरल, कर्नाटक, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, विदर्भ के कुछ हिस्सों हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और मेघालय, मणिपुर, गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश संभव है।
 
हिमाचलप्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश के शेष हिस्सों, उत्तरप्रदेश के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, रायलसीमा, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण और गोवा में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। जम्मू कश्मीर, दिल्ली, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, शेष पूर्वोत्तर भारत, तटीय ओडिशा और सौराष्ट्र और कच्छ में हल्की बारिश संभव है।