पहले सरकार ने दी जन्माष्टमी की छुट्टी, फिर रद्द की, नए फरमान से बच्चे और टीचर्स परेशान
- स्कूलों में शिक्षकों व बच्चों को नहीं मिला जन्माष्टमी का अवकाश
- जन्माष्टमी पर कृष्ण सुदामा की मित्रता पर सांस्कृतिक कार्यक्रम करने के आदेश
- पहले अवकाश और बाद में छुट्टी रद्द करने से हैरान परेशान हुए बच्चे और शिक्षक
बता दें कि लोकशिक्षण संचालनालय के अपर संचालक रवींद्र कुमार सिंह ने इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। पत्र में इस बार स्कूलों में जन्माष्टमी पर्व समारोहपूर्वक मनाए जाने के लिए निर्देश दिए गए थे। इससे पहले 26 अगस्त 2024 को आने वाली जन्माष्टमी पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करते हुए इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से आदेश भी जारी किया गया था। इस आदेश के अनुसार प्रदेशभर में सभी सरकारी संस्थानों की छुट्टी घोषित की गई थी।
पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश : अब नए निर्देश के अनुसार जन्माष्टमी पर स्कूलों में जन्माष्टमी पर्व मनाया जाना तय हुआ है। स्कूलों में जन्माष्टमी मनाए जाने के लिए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। इतना ही नहीं, स्कूलों में जन्माष्टमी मनाने के साथ ही आयोजन के फोटो भी संबंधित स्कूलों को पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। इस नए फरमान से कई शिक्षक, बच्चे और अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पडा।
हालांकि निजी स्कूलों में तो शुक्रवार के दिन ही जन्माष्टमी का आयोजन कर लिया गया था, लेकिन नए आदेश के बाद वे भी असमंजस में रहे। ऐसे में कई स्कूलों में दो-दो बार जन्माष्टमी मनाना पड़ी। अचानक आए इस सरकारी आदेश का खामियाजा बच्चों, उनके परिजनों और शिक्षकों को भुगतना पड़ा।
असमंजस में सब : शिक्षक ने कहा कि कृष्ण तो महानायक हैं, उन्हें किसी एक दिन विशेष में समेटने के बजाय पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि विद्यार्थी उनके जीवन से प्रेरणा ले सकें। शिक्षा विभाग द्वारा जो वार्षिक कैलेंडर जारी किया जाता है, उसमें भी जन्माष्टमी से जुड़े कार्यक्रम को शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के अंतर्गत आने वाले स्कूल भी इस आदेश को लेकर असमंजस में रहे। वे राज्य सरकार का आदेश मानें या फिर केन्द्र सरकार का। बता दें कि केन्द्र सरकार के कैलेंडर में जन्माष्टमी का अवकाश घोषित किया गया है।

