1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Government blocked 8 Youtube channels, spreading misleading information

सरकार ने ब्लॉक किए 8 Youtube चैनल, फैला रहे थे भ्रामक सूचनाएं

8 YouTube Channel Block
नई दिल्ली। सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा, अन्य देशों से संबंधों और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े कथित दुष्प्रचार के मामले में एक पाकिस्तानी चैनल समेत 8 यूट्यूब चैनल को ब्लॉक करने का आदेश दिया है।
 
एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि ब्लॉक किए गए इन चैनल के 114 करोड़ ‘व्यूज’ (यानी उन्हें 114 करोड़ बार देखा गया) और 85.73 लाख सब्सक्राइबर हैं तथा इन चैनल की सामग्री से धन अर्जित किया जा रहा था। जिन चैनल को सूचना प्रौद्योगिकी नियमों-2021 के तहत ब्लॉक किया गया है, उनमें 7 भारतीय समाचार चैनल हैं।
 
चैनलों पर सांप्रदायिक सद्‍भाव बिगाड़ने का आरोप : एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि इन यूट्यूब चैनल ने भारत सरकार द्वारा धार्मिक संरचनाओं को ध्वस्त किए जाने, धार्मिक त्योहारों को मनाने पर प्रतिबंध लगाए जाने, भारत में धार्मिक युद्ध की घोषणा जैसे झूठे दावे किए। बयान में कहा गया, कि ऐसा पाया गया कि यह सामग्री सांप्रदायिक सद्भाव और देश में सार्वजनिक व्यवस्था को बिगाड़ सकती है।
 
इसमें कहा गया कि इन यूट्यूब चैनल का इस्तेमाल भारतीय सशस्त्र बलों और जम्मू-कश्मीर जैसे विभिन्न विषयों पर भी फर्जी खबरें पोस्ट करने के लिए किया जाता था। बयान में कहा गया कि इस सामग्री को राष्ट्रीय सुरक्षा और अन्य देशों के साथ भारत के मैत्रीपूर्ण संबंधों के दृष्टिकोण से संवेदनशील और पूरी तरह से मिथ्या पाया गया।
 
इससे पहले भी हुए थे चैनल ब्लॉक : इससे पहले अप्रैल 2022 में भी सरकार ने 22 यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक किया था। उस समय ब्लॉक किए जैनलों में 18 भारतीय YouTube समाचार चैनल के अलावा 4 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनल भी ब्लॉक किए गए थे।
अगला लेख
दोषियों की समय पूर्व रिहाई से बिल्कीस बानो नाराज, कहा- न्याय पर भरोसा डिगा