• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. five soldiers martyr in Machil sector
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 31 जनवरी 2017 (08:28 IST)

जम्मू-कश्मीर के माछिल सेक्टर में हिमस्खलन से बचाए गए पांच सैनिक शहीद

Jammu and Kashmir
कश्मीर घाटी में नियंत्रण रेखा से लगे माछिल सेक्टर में बर्फ के नीचे कई घंटे फंसे रहने के बाद सेना के पांच जवानों को शनिवार को निकाल तो लिया गया था लेकिन सोमवार को वो पांचों सैनिक शहीद हो गए कहा जा रहा है कि तूफानी मौसम की वजह से सेना को अपने पांच जवानों को विशेष इलाज के लिए अस्पताल में पहुंचाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा था, 'कश्मीर घाटी में जबरदस्त कोहरा है और रुक रुककर बर्फबारी हो रही है। सेना के पायलट इन पांच जवानों को सुरक्षित निकालकर उन्हें विशेष इलाज के लिए श्रीनगर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे।'
 
उल्लेखनीय है कि सेना के ये जवान शनिवार को माछिल सेक्टर में एक चौकी के पास बर्फ के नीचे दब गए थे, लेकिन हिमस्खलन बचाव टीमों द्वारा इन्हें बचा लिया गया था। हालांकि 25 जनवरी को कश्मीर के गुरेज सेक्टर में हिमस्खलन में मारे गए 14 जवानों का पार्थिव शरीर श्रीनगर नहीं ले जाया जा सका क्योंकि खराब मौसम के चलते उड़ान परिचालन प्रभावित है।
 
इससे पहले सेना के एक अधिकारी ने बताया था, 'सभी पांचों सैनिकों को जीवित बचा लिया गया  और उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।' उन्होंने कहा कि आज सुबह माछिल में सेना की एक चौकी की ओर जाने वाले बर्फीले मार्ग के धंस जाने से पांच जवानों के फंस जाने के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया गया था।
 
कश्मीर घाटी में बुधवार से हिमस्खलन और हिमपात से जुड़ी कई घटनाओं में अब तक 15 जवानों सहित 21 लोग मारे जा चुके हैं। अधिकारियों ने यहां भारी हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है।
ये भी पढ़ें
बीएमसी चुनाव के लिए एमएनएस करना चाहती है शिवसेना से गठबंधन, लेकिन...