1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. ED attaches Shabir Shah's house

ED ने की बड़ी कार्रवाई, आतंकी वित्त पोषण के मामले में शब्बीर शाह का घर किया कुर्क

Shabbir Shah
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को बताया कि उसने केंद्रशासित प्रदेश में आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत जम्मू-कश्मीर के अलगाववादी नेता शब्बीर शाह का श्रीनगर स्थित आवास कुर्क कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि लगभग 21.80 लाख रुपए कीमत का यह घर श्रीनगर के बरजुल्ला थाना क्षेत्र के सनत नगर की बोत्शाह कॉलोनी में स्थित है।
 
शाह के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) द्वारा मई 2017 में लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के प्रमुख हाफिज सईद और अन्य के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी से उपजा है। ईडी ने एक बयान में कहा कि शब्बीर अहमद शाह, घाटी में पथराव, जुलूस, विरोध, बंद, हड़ताल और अन्य विध्वंसक गतिविधियों के माध्यम से यहां अशांति फैलाने के प्रयासों में सक्रिय रूप से शामिल था।
 
बयान में कहा गया कि वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन हिज्ब-उल-मुजाहिदीन (एचएम) और पाकिस्तान में स्थित अन्य संगठनों से हवाला और विभिन्न अन्य तरीकों से धन प्राप्त कर रहा था। इस धन का इस्तेमाल उसके द्वारा कश्मीर घाटी में आतंकवादी गतिविधियों को वित्त पोषित करने के लिए किया जा रहा था।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
अगला लेख
प्रदूषण से दिल्‍ली में सांसों का संकट, देश की राजधानी किसकी जिम्‍मेदारी?