छुट्टी नहीं दी तो गुस्साए गार्ड ने बैंक मैनेजर को मारी गोली, मैनेजर की मौत
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दिनदहाड़े बैंक के अंदर गोली चलने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में बैंक गार्ड ने ही मैनेजर को गोली मार दी। इस वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल बैंक मैनेजर को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे बैंक के गार्ड रविंद्र हुड्डा ने बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा को गोली मार दी। गोली सीधे मैनेजर की छाती में लगी। घटना के बाद बैंक के अंदर सायरन बजने लगा और वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में हड़कंप मच गया। बैंक कर्मियों ने तुरंत अभिषेक शर्मा को मोटरसाइकिल पर बैठाकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
क्या बताया पुलिस ने : डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि बैंक के गार्ड रविंद्र हुड्डा ने ही बैंक मैनेजर अभिषेक शर्मा को गोली मारी है। आरोपी गार्ड बागपत का रहने वाला बताया जा रहा है और घटना के बाद से फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में लगी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गार्ड और बैंक मैनेजर के बीच पिछले कई दिनों से छुट्टी को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि गार्ड ड्यूटी पर नहीं आया था, जिसको लेकर मैनेजर ने उसे फटकार लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर गार्ड बैंक पहुंचा और उसने मैनेजर को गोली मार दी।
Edited By: Naveen R Rangiyal