वक्फ बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी कांग्रेस, खरगे बोले जिसकी लाठी, उसकी भैंस ठीक नहीं
Waqf Amendment Bill : कांग्रेस ने संसद में पारित वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 की संवैधानिकता को बहुत जल्द सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी। इस बीच पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि यह बिल अल्पसंख्यकों को तंग करने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि ये जिसकी लाठी, उसकी भैंस - किसी के लिए ठीक नहीं होगा!
ALSO READ: संसद में पास हुआ वक्फ संशोधन बिल, पीएम मोदी ने बताया ऐतिहासिक क्षण
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि वक्फ बोर्ड संशोधन बिल के बारे में देश में ऐसा माहौल बना है कि Minorities को तंग करने के लिए ये बिल लाया गया है। लोकसभा में देर रात ये बिल पास हुआ तो इसके पक्ष 288 और विपक्ष में 232 वोट पड़े। ऐसा क्यों हुआ? इसका मतलब बिल में बहुत खामियां हैं। इसी से अंदाजा लगा सकते है कि विभिन्न दलों के विरोध के बाद भी मनमानी से ये बिल लाया गया। ये जिसकी लाठी, उसकी भैंस - किसी के लिए ठीक नहीं होगा!
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, कांग्रेस वक्फ (संशोधन) विधेयक की संवैधानिकता को उच्चतम न्यायालय में बहुत जल्द चुनौती देगी। उन्होंने कहा कि हम भारत के संविधान में निहित सिद्धांतों, प्रावधानों और परंपराओं पर मोदी सरकार के सभी हमलों का विरोध करते रहेंगे।
ALSO READ: लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी पास हुआ वक्फ संशोधन बिल
रमेश ने कहा कि कांग्रेस ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए) 2019 को चुनौती दी जिस पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई जारी है। आरटीआई (सूचना का अधिकार) अधिनियम, 2005 में 2019 के संशोधनों को भी कांग्रेस ने चुनौती दी जिस पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई जारी है। निर्वाचन का संचालन नियम (2024) में संशोधनों की वैधता को कांग्रेस ने चुनौती दी और उसकी उच्चतम न्यायालय में सुनवाई हो रही है। उपासना स्थल अधिनियम, 1991 की मूल भावना को बनाए रखने संबंधी कांग्रेस की याचिका पर उच्चतम न्यायलय में सुनवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि राज्यसभा ने वक्फ बोर्ड में पारदर्शिता बढ़ाने सहित कई महत्वपूर्ण प्रावधानों वाले वक्फ (संशोधन) विधेयक, 2025 को गुरुवार को मंजूरी दे दी। इसी के साथ संसद में यह विधेयक पारित हो गया। लोकसभा ने बुधवार देर रात करीब 2 बजे इस विधेयक को पारित कर दिया था।
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें