शशि थरूर बोले, राष्ट्र सर्वप्रथम, पार्टियां देश को बेहतर बनाने का माध्यम
थरूर ने कहा कि किसी भी पार्टी का उद्देश्य एक बेहतर भारत का निर्माण करना होता है।
Shashi Tharoor news in hindi : तिरुवनंतपुरम से सांसद और कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य शशि थरूर ने एक बड़ा बयान कहा कि राष्ट्र पहले आता है और पार्टियां देश को बेहतर बनाने का माध्यम हैं।
थरूर ने कहा कि किसी भी पार्टी का उद्देश्य एक बेहतर भारत का निर्माण करना होता है। वह देश की सशस्त्र सेनाओं और सरकार का समर्थन करने के अपने रुख पर अड़े रहेंगे, क्योंकि उनका मानना है कि यह देश के लिए सही बात है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि आपकी पहली निष्ठा किसके प्रति है? मेरे विचार से, राष्ट्र सर्वप्रथम है। पार्टियां राष्ट्र को बेहतर बनाने का माध्यम हैं। इसलिए, मेरे विचार से, आप जिस भी पार्टी से हों, पार्टी का उद्देश्य अपने तरीके से एक बेहतर भारत का निर्माण करना है।
उन्होंने कहा कि अब, पार्टियों को इस बात पर असहमत होने का पूरा अधिकार है कि ऐसा करने का सबसे अच्छा तरीका क्या है... जैसा कि आप जानते हैं, बहुत से लोग मेरे रुख के कारण मेरे आलोचक रहे हैं, क्योंकि मैंने सशस्त्र बलों और हमारी सरकार का समर्थन किया है तथा हाल में हमारे देश और हमारी सीमाओं पर जो कुछ हुआ है, उसके बारे में भी मैंने ऐसा ही रुख अपनाया है।
बाद में, कार्यक्रम से इतर उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि राष्ट्र प्रथम हमेशा से मेरा दर्शन रहा है। वह भारत केवल इसलिए लौटे हैं ताकि राजनीति के माध्यम से और राजनीति से बाहर भी, हर संभव तरीके से देश की सेवा कर सकें। मैंने ऐसा करने की कोशिश की है।
edited by : Nrapendra Gupta