1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Congress leader Jaipal Reddy passes away

पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी का 77 वर्ष की आयु में निधन

Jaipal Reddy
हैदराबाद। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी का 77 वर्ष की आयु में निधन हो गया। रेड्डी ने रविवार तड़के हैदराबाद के एआईजी हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली।
 
जयपाल रेड्डी निमोनिया से पीड़ित थे जिसके बाद उन्हें कुछ दिन पहले एआईजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। रेड्डी पिछले एक सप्ताह से आईसीयू में थे।  
 
कांग्रेस ने ट्वीट कर रेड्डी को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री जयपाल रेड्डी के निधन की खबर सुनकर हम दुखी हैं। एक वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, उन्होंने 5 बार लोकसभा सांसद, 2 बार राज्यसभा सांसद और 4 बार विधायक के रूप में काम किया। उम्मीद है कि उनके परिवार और दोस्तों को दुःख की इस घड़ी में ताकत मिलेगी।

जयपाल रेड्डी ने यूपीए-1 सरकार में शहरी विकास एवं संस्कृति जैसे विभागों की जिम्‍मेदारी संभाली थी। यूपीए-2 में भी उन्‍होंने शहरी विकास मंत्री के तौर पर काम किया था। बाद में यूपीए की सरकार ने ही उन्‍हें पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री बनाया था। रेड्डी ने विज्ञान एवं तकनीकी एवं अर्थ साइंस मंत्रालयों का भी नेतृत्‍व किया। 
 
इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल की कैबिनेट में भी उन्‍होंने सूचना और प्रसारण मंत्री की जिम्‍मेदारी संभाली थी। रेड्डी का जन्‍म 16 जनवरी 1942 को हैदराबाद के मदगुल में हुआ था। वर्ष 1984 से वे कई बार सांसद के तौर पर निर्वाचित हुए थे। साल 2009 लोकसभा चुनाव में वे चेवेल्ला सीट से सांसद चुने गए थे।

राहुल गांधी ने जताया शोक : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी के निधन पर शोक जताया है। गांधी ने ट्वीट किया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता जयपाल रेड्डी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। एक बेहतरीन सांसद, तेलंगाना के महान सपूत, उन्होंने अपना पूरा जीवन जनसेवा में समर्पित कर दिया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। रेड्डी का शनिवार देर रात हैदराबाद में निधन हो गया। वे 77 वर्ष के थे।
अगला लेख
मौसम अपडेट : इन राज्यों में हो सकती है भारी बारिश, जारी हुआ अलर्ट