• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Chance of heavy rain in UP-Bihar
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 24 अगस्त 2023 (09:00 IST)

Weather Updates: यूपी-बिहार में भारी वर्षा की संभावना, बारिश व भूस्खलन से 20 लोगों की मौत

Weather Updates: यूपी-बिहार में भारी वर्षा की संभावना, बारिश व भूस्खलन से 20 लोगों की मौत - Chance of heavy rain in UP-Bihar
Weather Updates: आज गुरुवार को पूर्वोत्तर भारत, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश और कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी वर्षा (heavy rain) होने की उम्मीद है। ओडिशा, पूर्वी मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या 2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दूसरी ओर बारिश व भूस्खलन से उत्तरप्रदेश व हिमाचल प्रदेश में 20 लोगों की मौत हो गई है।
 
दक्षिणी उत्तरप्रदेश और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति से उत्तर की ओर चल रही है और अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही रहेगा। पश्चिमी विक्षोभ को एक ट्रफ के रूप में देखा जा रहा है। एक उत्तरी दक्षिणी ट्रफ रेखा दक्षिणी छत्तीसगढ़ से तमिलनाडु होते हुए कोमोरिन क्षेत्र तक बनी हुई है।
 
उत्तरी तमिलनाडु और इससे सटे रायलसीमा क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में हुई मौसमी हलचल पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तरप्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई। राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हुई। कोंकण और गोवा, तटीय आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मध्यभारत और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई।
 
उत्तरप्रदेश में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 8 लोगों की मृत्यु : लखनऊ से मिले समाचारों के अनुसार उत्तरप्रदेश में पिछले 24 घंटों में बारिश से जुड़ीं घटनाओं में 8 लोगों की मृत्यु हुई है। राहत आयुक्त ने बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी देते हुए कहा कि बारिश प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में अब भी जारी है।
 
बयान में कहा गया कि पिछले 24 घंटों में जहां फर्रुखाबाद में 2 व्यक्तियों के डूबने से मृत्यु हुई जबकि गोंडा और गाजीपुर में सर्पदंश से 1-1 व्यक्ति की जान चली गई। फर्रुखाबाद और अलीगढ़ में बिजली गिरने से 1-1 व्यक्ति की मृत्यु हुई जबकि 2 अन्य घटनाओं में 1-1 व्यक्तियों की जान चली गई।
 
सिंचाई विभाग के मुताबिक बदायूं में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कानपुर और फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के पास है। लखीमपुर खीरी में शारदा नदी भी खतरे के निशान के करीब है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरप्रदेश में पिछले 24 घंटे में 4.5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रदेश के 75 जिलों में से 11 जिलों में अत्यधिक वर्षा दर्ज की गई।
 
हिमाचल  में भूस्खलन में 12 लोगों की मौत, 6 जिलों में 'रेड अलर्ट' : शिमला से मिले समाचार के अनुसार  हिमाचल प्रदेश में बीती रात हुई भारी बारिश के बाद भूस्खलन की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और कुछ मकानों के क्षतिग्रस्त होने के अलावा 400 से अधिक सड़कें अवरुद्ध हो गईं। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
 
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के 12 में से 6 जिलों में 'भारी से भीषण बारिश' और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भीषणतम बारिश' होने का अनुमान जताते हुए बुधवार को 'रेड अलर्ट' जारी किया। इस मानसून में भारी बारिश के 3 बड़े दौरों के बाद राज्य में कुल 709 सड़कें बंद हो गई हैं। भारी बारिश के कारण प्रदेश में बड़े पैमाने पर विनाश एवं मौत की घटनाएं हुई हैं।
 
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रदेश के शिमला, मंडी और सोलन जिलों में बुधवार से 2 दिनों के लिए सभी स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार प्रदेश में हुई 12 मौतों में से 7 लोगों की मौत मंडी और शिमला में भूस्खलन के कारण हुई। इसके अलावा बिजली का करंट लगने से 3 अन्य लोगों की मौत हुई और राज्य के विभिन्न हिस्सों में डूबने और ऊंचाई से गिरने के कारण 1-1 व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है।
 
उपायुक्त अरिंदम चौधरी ने बताया कि मंडी जिले के सेराज क्षेत्र के 2 गांवों में बादल फटने से हुए भूस्खलन में 5 लोगों की मौत हो गई है। मंडी जिले के सेराज के दगोल गांव में भूस्खलन में 2 लोगों परमानंद (62) और उनके पोते गोपी (14) की मौत हो गई जबकि अन्य 3 की सराची गांव में भूस्खलन में मौत हो गई। मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका है। इलाके में कुछ घर और एक स्कूल भी क्षतिग्रस्त हो गया।
 
बारिश के कारण शिमला शहर बुरी तरह प्रभावित हुआ, भूस्खलन और उखड़े पेड़ों के कारण मुख्य कार्ट रोड और साथ ही शिमला-मेहली बाईपास कई स्थानों पर अवरुद्ध हो गया। कई घरों में दरारें भी आ गई हैं और एहतियात के तौर पर लोगों को वहां से हटा दिया गया है।
 
शिमला जिले के पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार गांधी ने बताया कि बलदेयां इलाके में एक कच्चे मकान में झालो नामक प्रवासी और उनकी पत्नी राजकुमारी के शव मिले हैं। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने का अनुरोध किया। इस महीने राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 120 लोगों की मौत हो गई है जबकि 24 जून को हिमाचल प्रदेश में मानसून की शुरुआत के बाद से कुल 238 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है और 40 लोग अब भी लापता हैं।
 
मौसम विभाग ने कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों के कुछ हिस्सों के लिए दोपहर में 'रेड अलर्ट' जारी की थी। विभाग ने गुरुवार के लिए भारी से बहुत भारी बारिश की नारंगी चेतावनी भी जारी की है। सोलन जिले में भूस्खलन से कुछ घर भी क्षतिग्रस्त हो गए।
 
आज के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट के अनुसार आज गुरुवार को पूर्वोत्तर भारत, उत्तराखंड, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तरप्रदेश और कोंकण और गोवा में मध्यम से भारी वर्षा होने की उम्मीद है। ओडिशा, पूर्वी मध्यप्रदेश, हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या 2 स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत, महाराष्ट्र और पश्चिमी मध्यप्रदेश में छिटपुट बारिश की उम्मीद है।
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
सोनिया अख्तर ने दिए सबूत, कहा- पति को ले जाऊंगी घर