प्रवीण सूद को मिला 1 साल का एक्सटेंशन, बने रहेंगे CBI डायरेक्टर
CBI Director Praveen Sood : केंद्र ने बुधवार को सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया। सूद ने 25 मई, 2023 को दो साल के कार्यकाल के लिए सीबीआई निदेशक का पदभार संभाला था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सोमवार को हुई बैठक में सूद के कार्यकाल को बढ़ाने का फैसला लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सोमवार को हुई बैठक में सूद के कार्यकाल को बढ़ाने का फैसला लिया गया। इस समिति में भारत के प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल थे।
चयन समिति की सिफारिशों के आधार पर नियुक्ति संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (एसीसी) ने 24 मई से एक वर्ष के लिए सूद के कार्यकाल विस्तार को मंजूरी दी। सूद कर्नाटक कैडर के 1986 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी हैं। जब उन्हें केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का निदेशक नियुक्त किया गया था, तब वह कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पद पर तैनात थे।
वर्ष 1964 में हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में जन्मे सूद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद 22 वर्ष की आयु में आईपीएस अधिकारी बन गए थे। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें