1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. BJP central team visited the district in Birbhum violence case

बीरभूम हिंसा : भाजपा केंद्रीय दल ने जिले का किया दौरा, पीड़ितों के परिजनों को दिया मदद का भरोसा

Birbhum Violence
बोगतुई/ कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी की एक तथ्यान्वेषी समिति ने बृहस्पतिवार को बंगाल के बीरभूम जिले के बोगतुई गांव का दौरा किया, जहां इस सप्ताह की शुरुआत में 8 लोगों को जिंदा जला दिया गया था और वहां के पीड़ितों के रिश्तेदारों के साथ-साथ स्थानीय लोगों से बात की।

भाजपा की समिति में उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी बृज लाल, मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त सत्य पाल सिंह और बंगाल भाजपा प्रमुख सुकांत मजूमदार शामिल हैं। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पंचायत अधिकारी की हत्या के बाद हुई हिंसा में मारे गए लोगों के परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

गांव का दौरा करने के बाद मजूमदार ने बताया, हम सामूहिक हत्या के बाद हालात का जायजा लेने के लिए यहां आए हैं। इस (टीएमसी) सरकार ने शासन करने का अपना नैतिक अधिकार खो दिया है। बोगतुई में जो हुआ वह मानवता के लिए शर्म की बात है।

उन्होंने आरोप लगाया, मुख्यमंत्री दावा कर रही थीं कि सभी दोषियों को दंडित किया जाएगा। दूसरी ओर पुलिस मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आगजनी वाले स्थल का दौरा करने और मामले की जांच के लिए मंगलवार को पांच सदस्यीय समिति का गठन किया था, जिसमें चार सांसद शामिल हैं। भाजपा की समिति में आईपीएस अधिकारी केसी राममूर्ति और भारती घोष दो अन्य सदस्य हैं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि बीरभूम हिंसा मामले के संदिग्धों के आत्मसमर्पण न करने पर उन्हें ढूंढकर गिरफ्तार किया जाएगा और पुलिस यह सुनिश्चित करेगी उन्हें कड़ी से कड़ी सजा मिले।(भाषा)
अगला लेख
'द कश्मीर फाइल्स' को यूट्यूब पर करें अपलोड, विवेक अग्निहोत्री से कहे भाजपा; टैक्स फ्री की मांग पर बोले केजरीवाल