हवलदार हंगपन 'दादा' को अशोक चक्र सम्मान
Publish Date: Sun, 14 Aug 2016 (15:58 IST)
Updated Date: Sun, 14 Aug 2016 (16:01 IST)
नई दिल्ली। उत्तरी कश्मीर की बर्फीली हिमालयी पहाड़ियों पर 13 हजार फुट की उंचाई पर 4 घुसपैठिए आतंकवादियों को मार गिराकर जान गंवाने वाले हवलदार हंगपन ‘दादा’ की इस बहादुरी के लिए उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किया जाएगा।
सरकार ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को सेना के जवानों को दिए जाने वाले सर्वोच्च शांतिकालीन पुरस्कारों की घोषणा की जिसमें हंगपन को मरणोपरांत सम्मान के लिए चुना गया है।
इस साल 27 मई को देश के लिए अपनी जान दे देने वाले 36 साल के 'दादा' ने उत्तरी कश्मीर के शमसाबरी रेंज में बहादुरी के साथ संघर्ष करते हुए 4 हथियारबंद आतंकवादियों को समाप्त कर दिया, जो पाक कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से उत्तरी कश्मीर में घुस आए थे।
अरुणाचल प्रदेश के बोदुरिया गांव के रहने वाले हवलदार हंगपन अपनी टीम में ‘दादा’ के नाम से लोकप्रिय थे। वे पिछले साल से उच्च पर्वतीय रेंज में तैनात थे। 1997 में सेना की असम रेजीमेंट में शामिल किए गए दादा को 35 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात किया गया था। (भाषा)