गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. air india
Written By
Last Updated : शुक्रवार, 25 जून 2021 (15:00 IST)

केवल एक यात्री के साथ अमृतसर दुबई मार्ग के एयर इंडिया के विमान ने भरी उड़ान

केवल एक यात्री के साथ अमृतसर दुबई मार्ग के एयर इंडिया के विमान ने भरी उड़ान | air india
नई दिल्ली। संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय कारोबारी एसपी सिंह ओबरॉय उस समय हैरान रह गए, जब अमृतसर से दुबई जाने वाले एयर इंडिया के विमान में इकॉनॉमी क्लास के टिकट से यात्रा करने के दौरान उन्होंने अपने आपको अकेला देखा।

 
एक अधिकारी ने बताया कि ओबरॉय बुधवार तड़के 3 बजकर 45 मिनट पर अमृतसर से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया के विमान में इकलौते यात्री थे। दुबई जाने वाले इस विमान में उन्होंने 3 घंटे का सफर तय किया। ओबरॉय के पास गोल्डन वीजा है जिससे उन्हें संयुक्त अरब अमीरात में 10 साल तक रहने की मंजूरी मिल गई। उड़ान के दौरान उन्होंने चालक दल के सदस्यों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। एयर इंडिया ने इस मामले पर बयान देने के अनुरोध पर जवाब नहींं दिया। पिछले 5 हफ्तों में यह तीसरी बार है, जब दुबई जाने वाले विमान में केवल 1 ही यात्री मौजूद था।

 
मुंबई से दुबई जाने वाले एक विमान में 19 मई को 40 वर्षीय भावेश जावेरी नाम का ही इकलौता यात्री सवार था। 3 दिन बाद ओस्वाल्ड रोड्रिगेज नाम के एक अन्य शख्स ने एयर इंडिया के विमान में मुंबई से दुबई की यात्रा अकेले की थी। महामारी से पहले अधिक मांग के कारण भारत से दुबई जाने वाले विमान में बहुत लोग उड़ान भरते थे। महामारी के बाद से इस मार्ग पर यात्रियों की संख्या बेहद कम हुई है।(भाषा)