• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. AAP and BJP face to face over Delhi water crisis, BJP protests across city
Last Updated : सोमवार, 17 जून 2024 (13:49 IST)

दिल्ली जलसंकट को लेकर आप भाजपा आमने सामने, BJP ने किया शहर भर में प्रदर्शन

दिल्ली जलसंकट को लेकर आप भाजपा आमने सामने, BJP ने किया शहर भर में प्रदर्शन - AAP and BJP face to face over Delhi water crisis, BJP protests across city
Delhi water crisis: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने सोमवार को आरोप लगाया कि दिल्ली में जल संकट भाजपा द्वारा प्रायोजित है। सिंह ने भाजपा पर राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, भाजपा कार्यकर्ताओं ने जलसंकट के खिलाफ जगह-जगह विरोध ‍प्रदर्शन किया। 
 
आप नेता सिंह ने कहा कि हमारा मानना ​​है कि प्यासे को पानी पिलाने से ज्यादा पुण्य का काम नहीं होता और पानी रोकने से बड़ा कोई पाप नहीं है। सिंह ने आरोप लगाया कि मैं कह रहा हूं कि यह भाजपा प्रायोजित जल संकट है। भाजपा चाहती है कि दिल्ली के लोगों को पानी न मिले और वे यह सुनिश्चित करने के लिए सभी षड्यंत्र कर रहे हैं।
 
मांग के अनुसार नहीं मिल रहा पानी : उन्होंने कहा कि दिल्ली को हरियाणा से पानी मिलता है और जब भाजपा शासित राज्य आवश्यक पानी नहीं देता है तो पानी की किल्लत हो जाती है। उन्होंने दावा किया कि हमें अपनी मांग के अनुसार पानी नहीं मिल रहा है। जब हम हरियाणा सरकार से अनुरोध करते हैं तो वह नहीं सुनती। हम उपराज्यपाल से अनुरोध करते हैं, लेकिन वे आवश्यक काम नहीं करते।
कुछ सप्ताह से राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में पानी की किल्लत है। जलापूर्ति कम होने या न होने की वजह से लोग परेशान हैं तथा निजी जल टैंकर से पानी ले रहे हैं।
 
शहर भर में भाजपा का प्रदर्शन : भाजपा की दिल्ली इकाई के नेताओं और सांसदों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ 
मिलकर राजधानी में जल संकट के मुद्दे पर आप सरकार के खिलाफ शहर भर में प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदर्शनकारियों ने गंदे पानी की बोतलें लेकर 'आप' सरकार के खिलाफ नारे लगाए और राष्ट्रीय राजधानी में पानी की किल्लत के विरोध में मटके फोड़े।
 
प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि नलों से गंदा पानी पीने के लिए मजबूर होने के कारण लोग बीमार हो रहे हैं। भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने गीता कॉलोनी में विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए दावा किया कि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पूरा पानी यमुना में छोड़ रहा है।
 
सांसद भी हुए शामिल : सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में आने के बाद पानी को टैंकर माफिया चुरा लेते हैं क्योंकि सत्तारूढ़ 'आप' के मंत्री और विधायक उनके साथ मिले हुए हैं। पार्टी सांसद मनोज तिवारी, बांसुरी स्वराज, रामवीर सिंह बिधूड़ी, प्रवीण खंडेलवाल और योगेंद्र चंदोलिया ने भी विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शनों में भाग लिया।(एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala
 
ये भी पढ़ें
कुर्बानी के बकरे पर लिखा ‘राम’, भड़के हिंदू संगठन, मुंबई पुलिस ने किया इलाज