शनिवार, 7 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Aam Aadmi Party may contest elections alone in Haryana
Last Modified: नई दिल्‍ली , शनिवार, 7 सितम्बर 2024 (00:49 IST)

हरियाणा में अकेले चुनाव लड़ सकती है AAP, सीट बंटवारे पर कांग्रेस से नहीं बन रही बात

Aam Aadmi Party
Aam Aadmi Party may contest elections alone in Haryana : हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच सहमति बनती नहीं दिख रही है, और अरविंद केजरीवाल नीत ‘आप’ राज्य में 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही है।
 
सूत्रों ने शुक्रवार को यह दावा किया। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक से ठीक पहले आप सूत्रों ने दावा किया कि पार्टी (आप) द्वारा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची रविवार को जारी करने की संभावना है। आप सूत्रों ने दावा किया, हरियाणा में गठबंधन के लिए बातचीत टूटने की कगार पर है और आप 90 सदस्यीय विधानसभा की 50 सीट पर चुनाव लड़ने की योजना बना रही।
इससे पहले, पार्टी के नेताओं ने कहा था कि आप हरियाणा में 10 सीट मांग रही है, जबकि कांग्रेस पांच से सात सीट की पेशकश कर रही है। सूत्रों ने कहा कि सीट बंटवारे को लेकर कोई सहमति बनती नजर नहीं आ रही। ‘इंडिया’ गठबंधन में साझेदार आप और कांग्रेस ने हालिया लोकसभा चुनाव हरियाणा, गुजरात और दिल्ली में साथ मिलकर लड़ा था।
 
हरियाणा में, आप को कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट दी गई थी। पार्टी के प्रदेश प्रमुख सुशील गुप्ता ने कुरुक्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन भाजपा के नवीन जिंदल से हार गए थे। आप सूत्रों ने दावा किया कि भाजपा और कांग्रेस के कई अंसतुष्ट नेता हरियाणा में पार्टी (आप) में शामिल होने को तैयार हैं। राज्य में पांच अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होना है।
हरियाणा में सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस भी टिकट बंटवारे को लेकर अपने-अपने नेताओं के कड़े विरोध का सामना कर रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मौजूदा विधायकों सहित पार्टी के कई नेताओं ने घोषणा की है कि चुनाव के लिए टिकट नहीं मिलने पर वे भाजपा छोड़ देंगे।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
14 लाख की इनामी महिला नक्सली गिरफ्तार, बालाघाट के जंगल में हुई मुठभेड़