विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया कांग्रेस के साथ, खरगे बोले चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा!
विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की और इसके बाद दोनों कांग्रेस में शामिल हो गए। खरगे से पहलवानों की मुलाकात के दौरान पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल भी उपस्थित थे। इसके बाद वेणुगोपाल ने दोनों को पार्टी मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मुलाकात के बाद एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, चक दे इंडिया, चक दे हरियाणा! दुनिया में भारत का नाम रौशन करने वाले हमारे प्रतिभाशाली चैंपियन विनेश फोगाट और बजरंग पुनिया से 10 राजाजी मार्ग पर मुलाकात। हमें आप दोनों पर गर्व है।
बजरंग पूनिया टोक्यो ओलंपिक खेलों के कांस्य पदक विजेता हैं, जबकि विनेश फोगाट ओलंपिक फाइनल में पहुंचने वाली पहली महिला पहलवान बनीं। हालांकि उन्हें 50 किलोग्राम वर्ग के वजन में लगभग 100 ग्राम वजन अधिक पाए जाने के बाद अयोग्य घोषित कर दिया गया था। बाद में उन्होंने खेल से संन्यास की घोषणा की।
भारत लौटने के बाद विनेश बजरंग पुनिया के साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मिलने पहुंची थी। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर फोगाट और पुनिया के साथ राहुल गांधी की तस्वीर शेयर की।
पूनिया और फोगाट 2023 में भाजपा के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के तत्कालीन प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन का हिस्सा थे। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों पर 5 अक्टूबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी।
Edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें