1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 5th case of monkeypox surfaced in Delhi

Monkeypox : दिल्ली में मंकीपॉक्स का 5वां मामला आया सामने, अफ्रीकी महिला में संक्रमण की हुई पुष्टि

Monkeypox
नई दिल्ली। दिल्ली में मंकीपॉक्स (Monkeypox) का पांचवां मामला सामने आया है, जिसमें 22 वर्षीय अफ्रीकी महिला संक्रमित पाई गई है। महिला ने पिछले महीने नाइजीरिया की यात्रा की थी। उसे 2 दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और शुक्रवार रात उसकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।

खबरों के अनुसार, अफ्रीकी महिला ने पिछले महीने नाइजीरिया की यात्रा की थी। उसे 2 दिन पहले लोकनायक जयप्रकाश नारायण (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कराया गया और शुक्रवार रात आई उसकी रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई।मंकीपॉक्स से संक्रमित पाई गई महिला मूल रूप से अफ्रीका की निवासी है।

राष्ट्रीय राजधानी में संक्रमण से पीड़ित वह दूसरी महिला है। महिला की स्थिति बेहतर है। राष्ट्रीय राजधानी में मंकीपॉक्स से संक्रमित 2 महिलाओं समेत 4 लोग एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि एक मरीज को छुट्टी मिल चुकी है।

केंद्र सरकार ने देश में फैले वायरस की जांच के लिए कई दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनमें से एक देश के प्रवेश बिंदुओं पर निगरानी भी शामिल है। अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को बीमार व्यक्तियों, मृत या जीवित जंगली जानवरों और अन्य लोगों के निकट संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है।

मंकीपॉक्स के अब तक दुनिया में 20 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। मंकीपॉक्स 77 देशों तक फैल चुका है। इसकी वजह से अफ्रीकी देशों में 75 लोगों की मौत भी हो चुकी है। भारत में मंकीपॉक्स का पहला मरीज 14 जुलाई को केरल में सामने आया था। 
अगला लेख
स्वतंत्रता दिवस 2022 विशेष सामग्री