1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. 49 of those on P305 still missing, navy Mission continues

पी305 पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता, नौसेना का अभियान जारी

cyclone tauktae
मुंबई। अरब सागर में चार दिन पहले डूबे बजरे पर मौजूद लोगों में से 49 अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए घने अंधेरे के बीच नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान रात भर चला। हालांकि इन लोगों के जीवित बचे होने की संभावना लगभग क्षीण है। 
 
उल्लेखनीय है कि बजरा पी305 चक्रवाती तूफान ‘ताउते’ के कारण मुंबई के तट से कुछ दूरी पर सागर में फंस गया था और फिर डूब गया था। नौसेना ने बृहस्पतिवार को भी हेलीकॉप्टर तैनात किए और हवाई मार्ग से तलाश एवं बचाव अभियान चलाया। आपको बता दें भारतीय नौसेना ने वेबदुनिया के साथ आईएनएस कोलकाता के बचाव अभियान का एक्सक्लूजिव वीडियो शेयर किया साथ ही मिशन के बारे में भी बताया है। 
 
पी305 पर मौजूद लोगों में से कम से कम 26 लोगों की मौत हो चुकी है, 49 लोग अब भी लापता हैं। बेहद खराब मौसम से जूझते हुए नौसेना के जवानों ने बजरे पी305 पर मौजूद 261 लोगों में से अब तक 186 को बचा लिया है, दो लोगों को 'टगबोट' वारप्रदा से बचाया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि अब लोगों के जीवित मिलने की संभावना बहुत ही कम है। एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई पुलिस ने घोषणा की है कि वह पड़ताल करेगी कि चक्रवात की चेतावनी के बावजूद ये बजरे पानी में क्यों थे।
 
नौसेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि नौसेना का तलाश एवं बचाव अभियान चौथे दिन भी जारी है। नौसेना के पोत तथा विमान पी305 पर मौजूद लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। यह बजरा मुंबई तट से 35 समुद्री मील दूर पर डूब गया था। उन्होंने बताया कि नौसेना का एक अन्य पोत आईएनएस तलवार भी इस अभियान में मदद कर रहा है।
अगला लेख
Weather Alert: चक्रवात ताऊते पड़ा कमजोर, राजस्थान व यूपी में भारी बारिश की संभावना