गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. पर्यटन
  3. पहाड़ों की गोद में
  4. 10 cool places to visit in India in summer
Written By अनिरुद्ध जोशी
Last Updated : शुक्रवार, 16 फ़रवरी 2024 (14:11 IST)

गर्मियों में भारत में घूमने की 10 ठंडी जगहें, जाने-माने हिल स्टेशन

Almora Hill Station
यदि आप गर्मी की छुट्टियों में भारत की ठंडी जगहों पर घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपको भारत के टॉप हिल स्टेशन पर जाना चाहिए। हालांकि सभी जानते हैं कि अधिकतर ठंडी जगह तो उत्तराखंड, हिमाचल, लद्दाख और कश्मीर में ही पाई जाती लेकिन इसके अलावा भी भारत में कई जगहें ऐसी हैं जहां पर आपको ठंडक का अहसास होगा।
 
1. शिलॉन्ग : यदि आप गर्मी के माह ठंठी जगह पर घूमना चाहते हैं तो मेघालय जरूर जाएं। यहां प्रमुख रूप से शिलॉन्ग को जरूर देखें। मेघालय की राजधानी शिलॉन्‍ग भारत का सबसे खूबसूरत हिल स्टेशन है। इसे पूर्व का स्कॉटलैंड कहा जाता है। यहीं पास में चेरापूंजी भी है।
 
2. शिमला : भारत के अधिकतर पर्यटक गर्मी में हिमाचल घुमने जाते हैं। हिमाचल में शिमला और मनाली सबसे प्रसिद्ध हिल स्टेशन है। यहां घाटी और चारों ओर हिमालय पर्वत की चोटियों का सुंदर दृश्‍य दिखाई देता है। शिमला से मनाली लगभग 275 किलोमीटर दूर है। चारों ओर से पहाड़ों से घिरे मनाली को देखकर रोमांच और रोमांस का अनुभव होता है।
 
3. ऊटी : तमिलनाडु का विश्‍व प्रसिद्ध शहर ऊटी को पहाड़ों की रानी कहा जाता है। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल उधगमंडलम या ऊटी को डेस्टिनेशन स्पॉट बनाने में जॉन सुल्लिवन के योगदान को माना जाता है। यहां दूर-दूर तक फैली हरियाली, चाय के बागान, तरह-तरह की वनस्पतियां आपको मंत्रमुग्ध कर देगी। पहाड़ी से पहाड़ों, घाटियों और पठारों के नयनाभिराम दृश्य निहारना बेहद खूबसूरत अनुभव है। यहां इन्हें निहारने के लिए दूरबीन का प्रबंध किया गया है।
 
4. पचमढ़ी : मध्यप्रदेश में अमरकंटक के पास ही होशंगाबाद जिले में पचमड़ी बहुत ही खूबसूरत हिल स्टेशन है। ऊंचे ऊंचे पहाड़, झील, झरने, गुफाएं, जंगल सभी कुछ हैं यहां पर। झरनों के लिए आप मध्यप्रदेश के पचमड़ी में जाएं। हालांकि झरनों का शहर रांची को माना जाता है। 
 
5. मसूरी : मसूरी हिल स्टेशन उत्तराखंड राज्य का पर्वतीय नगर है जो गंगोत्री का प्रवेश द्वार भी है। मसूरी के एक ओर से गंगा नजर आती है तो दूसरी ओर से यमुना नदी। यहां पर दुर्लभ वनस्पतियां और जीव जंतु पाए जाते हैं। यहां के ऊंचे ऊंचे पहाड़ और हरी भरी छटा देखते ही बनती है। पतली घुमावदार सड़कें, हरे-भरे पेड़, दूर तक नजर आती ऊंची-नीची पहाड़ियां, एक ओर दूर नजर आते बर्फ से ढंके सफेद पहाड़, दूसरी ओर पहाड़ों की गोद में बने छोटे-छोटे घर यानी देहरादून शहर।
Lonavala hill station
6. मैकलॉडगंज : हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से 9 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मशहूर पर्यटक स्थल मैकलॉडगंज गर्मियों की छुट्टियों के लिए बहुत ही आदर्श स्थान है। यहां जहां तक नजर जाए हिमालय पर्वत श्रृंखला की ऊंची-नीची चोटियां और बर्फ के साथ ही चट्टानों पर खड़े चीड़ और देवदार के हरे-भरे पेड़ किसी के भी मन को अपनी ओर खींचते नजर आते हैं। रात हो या सुबह-शाम ठंडी हवा के झोंके तन बदन को बेहद सुकून देते हैं।
 
7. अल्मोड़ा : अल्मोड़ा भारत के उत्तराखंड राज्य का एक बहुत ही सुंदर नगर है। इसके पूर्व में पिथौरागढ़ व चम्पावत, पश्चिम में पौड़ी, उत्तर में बागेश्वर, दक्षिण में नैनीताल स्थित है। अल्मोड़ा में घूमने लायक जगह जीरो पाइंट बहुत ही अद्भुत है जो बिनसर अभ्यारण्य में बहुत ऊंचाई पर स्थित है। यहां से आसमान को देखना बहुत ही रोमांचित कर देगा साथ ही यहां से केदारनाथ और नंदादेवी की चोटी को देखना तो आपके आश्चर्य और रोमांच को और भी ज्यादा बढ़ा देगा। यहां से हिमालय की वादियों का दृश्य आपको स्वर्ग में होने का अहसास देगा।
 
8. लेह (लद्दाख) : भारतीय राज्य लद्दाख में एक क्षेत्र है जिसे लेह कहा जाता है। प्रकृति की सबसे सुंदर छटा यहां देखी जा सकती है। ट्रैकिंग और रोमांच भरी साहसी यात्रा के शौकिन लोगों के अलावा प्रकृति के प्रति लगाव रखने वाले लोगों के लिए लेह सबसे खूबसूरत जगह है। लेह जाने के लिए सड़क मार्ग से दो रास्ते हैं- एक मनाली से और दूसरा श्रीनगर से।
 
9. नैनीताल : बर्फ से ढ़के पहाड़ों के बीच झीलों से घिरा नैनीताल उत्तराखंड राज्य का प्रसिद्ध हनीमून स्पॉट है। यहां आकर आपको शांत और प्रकृति के पास होने जैसा महसूस होगा। नैनीताल झील, नैनादेवी मंदिर, नैना चोटी, गर्वनर हाउस, टिफिन टॉप और पंडित जीबी पंत प्राणी उद्यान यहां के प्रसिद्द स्थल है। शॉपिंग के लिए आप मार्केट मॉलरोड जा सकते हैं। ताल में बत्तखों के झुंड, रंग-बिरंगी नावें और ऊपर से बहती ठंडी हवा यहां एक अदभुत नजारा पेश करते हैं। ताल का पानी गर्मियों में हरा, बरसात में मटमैला और सर्दियों में हल्का नीला दिखाई देता है।
 
10. मुन्नार (केरल) : केरल का मुन्नार हिल स्टेशन स्वर्ग के समान है। तीन पर्वतों की श्रृंखला- मुथिरपुझा, नल्लथन्नी और कुंडल, के मिलन स्थल पर स्थित है मुन्नार। इस हिल स्टेशन की पहचान है यहां के विस्तृत भू-भाग में फैली चाय की खेती, औपनिवेशिक बंगले, छोटी नदियां, झरनें और ठंडे मौसम। ट्रैकिंग और माउंटेन बाइकिंग के लिए यह एक शानदार स्थल है।