1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Singing of Vande Mataram in Bhopal

मध्यप्रदेश में अब बैंडबाजे के साथ गाया जाएगा वंदे मातरम

Vande Mataram
भोपाल। मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार ने अब वंदे मातरम् गायन के लिए नई व्यवस्था शुरु करते हुए कहा है कि भोपाल में अब आकर्षक स्वरूप में पुलिस बैंड और आम लोगों की सहभागिता के साथ वंदे मातरम् का गायन होगा।


मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग की ओर से किए गए ट्वीट के मुताबिक राजधानी भोपाल में अब आकर्षक स्वरूप में पुलिस बैंड और आम लोगों की सहभागिता के साथ वंदे मातरम् का गायन होगा। हर महीने के पहले कार्य दिवस पर सुबह पौने 11 बजे पुलिस बैंड राष्ट्र भावना जागृत करने वाली धुन बजाते हुए स्थानीय शौर्य स्मारक से मंत्रालय तक मार्च करेंगे।

इसके साथ ही पुलिस बैंड के मंत्रालय परिसर में पहुंचने पर राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ गाया जाएगा। इस कार्यक्रम को आकर्षक बनाकर आम लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रदेश में 13 साल से हर महीने की पहली तारीख को स्थानीय मंत्रालय परिसर में अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में वंदे मातरम् का गायन होता था।

इस महीने की पहली तारीख को मंत्रालय परिसर में ये गायन नहीं होने के बाद एक नया राजनीतिक विवाद पैदा हो गया था। भारतीय जनता पार्टी ने इसका विरोध करते हुए कांग्रेस की नवनिर्वाचित सरकार पर आरोप लगाए थे।

भाजपा के विरोध के बीच मुख्यमंत्री कमलनाथ का बयान सामने आया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि महीने की पहली तारीख को मंत्रालय में वंदे मातरम् के गायन कार्यक्रम को नए रूप में लागू करने का फैसला किया गया है।
अगला लेख
सबरीमाला मंदिर में महिलाओं के प्रवेश के बाद बवाल, हिंसा में एक की मौत