मध्यप्रदेश में शिवराज मंत्रिमंडल का गठन, 5 मंत्रियों ने ली शपथ  
					
					
                                       
                  
				  				
								 
				  
                  				  भोपाल। कोरोना संकट के बीच मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज अपने मंत्रिमंडल का गठन कर दिया। दोपहर 12 बजे राजभवन में सादे शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लालजी टंडन ने 5 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। 
				  																	
									  
	
	शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लालजी टंडन ने भाजपा विधायक नरोत्तम मिश्रा, कमल पटेल, मीना सिंह के साथ सिंधिया गुट के तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत को बतौर कैबिनेट मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। तुलसी सिलावट और गोविंद सिंह राजपूत वर्तमान में विधायक नहीं है। दोनों ही ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं मानपुर से पांच बार की भाजपा विधायक मीना सिंह को आदिवासी चेहरे के तौर पर कैबिनेट में शामिल किया गया है।  
				  
	
	शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के  साथ कई भाजपा नेता मौजूद थे। शपथ ग्रहण के फौरान बाद शिवराज मंत्रिमंडल की बैठक मंत्रालय में होगी जिसमें कुछ बड़े निर्णय होने की संभावना है।