1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Priyanka Gandhi in Rajya Sabha from Madhya Pradesh

मध्यप्रदेश से राज्यसभा जाएंगी प्रियंका गांधी?

कमलनाथ सरकार के मंत्रियों ने शुरु की प्रियंका को राज्यसभा भेजने की मुहिम

Priyanka Gandhi
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की मांग दिन प्रतिदिन जोर पकड़ती जा रही है। पार्टी के बड़े नेताओं के साथ ही कमलनाथ सरकार के सभी मंत्रियों ने एक सुर में प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश में राज्यसभा भेजे जाने की मांग की है। पीडल्यूडी मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजा जाए जिससे प्रदेश की राजनीति में नया संचार हो सके।
 
वहीं नगरीय प्रशासन मंत्री जयवर्धन सिंह ने कहा कि उनका नेतृत्व पूरे देश के लिए जरुरी है वे प्रदेश से राज्यसभा के लिए जाती है तो बहुत खुशी होगी। इसके साथ ही जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने प्रियंका को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने का समर्थन करते हुए कहा कि प्रियंका में इंदिरा गांधी की छवि दिखाई देती है यदि वे प्रदेश से राज्यसभा जाएगी तो ये हमारे लिए सौभाग्य की बात होगी। 
वहीं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश से राज्यसभा भेजे जाने की मांग करते हुए राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने की मांग की है। अरुण यादव ने ट्वीट कर लिखा कि अब समय आ गया है कि माननीय राहुल गांधी जी को एक बार फिर पार्टी की कमान सौंपी जाए, यह भी सामयिक होगा कि आदरणीया प्रियंका गांधी जी को मप्र से राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करने का अवसर दिया जाए ताकि फासीवादी विचारधारा के खिलाफ जमीनी संघर्ष की धार को और तीखा किया जा सके।
 
ऐसा नहीं है कि पहली बार प्रियंका गांधी को मध्य प्रदेश में सक्रिय रूप से लाने के लिए पार्टी के नेता एड़ी चोटी का जोर लगा रहे है। लोकसभा चुनाव के वक्त भी प्रियंका गांधी को भोपाल से चुनाव लड़ाने की मांग कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की थी।  
 
अप्रैल में मध्य प्रदेश से राज्यसभा की तीन सीटें खाली हो रही है जिसको लेकर कांग्रेस में इस समय राज्यसभा के उम्मीदवारों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। विधानसभा के सियासी गणित के मुताबिक कांग्रेस को दो सीटें मिलना तय माना जा रहा है जिसमें एक सीट पर वर्तमान राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह फिर से दावेदारी कर रहे है वहीं दूसरी सीट से ज्योतिरादित्य सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सहित कई नाम चर्चा में है।
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
नक्सली संगठन से जुड़ाव के आरोप में 9 महिलाएं गिरफ्तार, CAA के प्रदर्शन में थीं शामिल