1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Politics in Madhya Pradesh on Raksha Bandhan

रक्षाबंधन की बधाई पर सियासी छाप, शिवराज और कमलनाथ ने किए चुनावी वादे

Rakshabandhan
भोपाल। चुनावी सीजन में आज मनाए जा रहे रक्षाबंधन के त्योहार पर सियासत की छाप दिखाई  दे रही है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दल रक्षाबंधन के दिन खुद को महिला हितैषी बताने की होड़ में जुटे दिखाई दिए। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रक्षा बंधन के पावन पर्व पर प्रदेश की लाड़ली बहनों को बधाई देते हुए कहा कि बहनों के सामाजिक आर्थिक, राजनैतिक सशक्तिकरण के लिए दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की आगामी मासिक किश्त की राशि 10 सितम्बर को बहनों के खाते में डाली जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों के जीवन में सुख-समृद्धि लाने के लिए और उनके घर आंगन को खुशियों से भरने का संकल्प लिया है। बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए लगातार कार्य हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सशक्तिकरण मेरे जीवन का मिशन है। किसी बहन की आंख में आंसू नहीं रहने दूंगा। बहनों की जिन्दगी आनंद और प्रसन्नता से भरपूर रहे, ऐसी  कामना राखी के पावन पर्व पर कर रहा हूँ।

कमलनाथ ने रक्षाबंधन के बहाने पर भाजपा पर कसा तंज- वहीं रक्षाबंधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बहनों को बधाई देते हुए भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनें झूठे वादों का बंधन तोड़ दें और सच्चे विश्वास की राखी बांधें। आज रक्षाबंधन पर मैं बहनों को वचन देता हूं कि कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी और

1-बहनों की महंगाई से रक्षा की जाएगी और उन्हें ₹500 में गैस सिलेंडर मिलेगा।
2.बहनों की आर्थिक आजादी की रक्षा की जाएगी और उन्हें ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे।
3.बहनों की भारी भरकम बिजली बिलों से रक्षा की जाएगी और उनके घर-परिवार को 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ और 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ मिलेगा।
4.बहनों की महिला अत्याचार से रक्षा की जाएगी और प्रदेश में अपराधियों पर लगाम कसी जाएगी।
5.बहनों की अशिक्षा से रक्षा की जाएगी और मध्य प्रदेश को बहन बेटियों की पढ़ाई में नंबर वन बनाया जाएगा।
 
लेखक के बारे में
विकास सिंह
special correspondent.... और पढ़ें
अगला लेख
कुंडलपुर को लेकर दिग्विजय के खिलाफ भाजपा ने खोला मोर्चा, ट्विटर (एक्स) अकाउंट बंद करने के लिए लिखा पत्र