पीएम मोदी की अपील का दिखा असर, ई रिक्शा से पदभार ग्रहण करने पहुंचे कैबिनेट मंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से पेट्रोल-डीजल के कम उपयोग करने की अपील का असर मंगलवार को बीजेपी दफ्तर में दिखाई दिया। मध्य प्रदेश में लघु उद्योग निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष सत्येंद्र भूषण सिंह मंगलवार को ई रिक्शा से अपना पदभार ग्रहण करने पहुंचे। कैबिनेट मंत्री का दर्जा पाने वाले सत्येंद्र भूषण सिंह अवधपुरी स्थित अपने घर से ई-रिक्शा से भाजपा ऑफिस पहुंचे। उनके साथ तीन अन्य कार्यकर्ता भी ई रिक्शा में सवार थे।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद सत्येंद्र भूषण सिंह ई-रिक्शा से ही लघु उद्योग निगम के दफ्तर पहुंचे और अपना पदभार ग्रहण किया। मीडिया से बात करते हुए सत्येंद्र भूषण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील का हम सभी भाजपा कार्यकर्ता पालन कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जो अपील की है, उसका असर लोगों पर भी दिख रहा है।
वहीं मंगलवार को ही पदभारव ग्रहण करने खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष पंकज जोशी और उपाध्यक्ष राकेश सिंह जादौन भी ई रिक्शा से भाजपा दफ्तर से पदभार ग्रहण करने रवाना हुए। दरअसल, सत्येंद्र भूषण सिंह को मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम का नया अध्यक्ष बनाया गया है. सरकार ने उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पीएम मोदी की अपील को दरकिनार करते हुए मध्य प्रदेश पाठ्यपुस्तक निगम के नवनियुक्त चेयरमैन सौभाग्य सिंह 700 से अधिक गाडियों के काफिले के साथ उज्जैजन से भोपाल पहुंचे थे। सोमवार को सौभाग्य सिंह के शपथ ग्रहण मे आलम ये था कि उनके काफिले की गाड़ियां आपस में ही टकरा गईं. इतना ही नहीं भोपाल की सड़कों पर लंबा जाम लग गया. जिसके कारण लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा. बीजेपी ऑफिस ही नहीं बल्कि बोर्ड ऑफिस से लेकर अरेरा हिल्स तक लगे जाम में लोग फंस गए। इसके बाद आज भाजपा दफ्तर में अलग ही माहौल दिखाई देने को मिला।
लेखक के बारे में
भोपाल ब्यूरो
वेबदुनिया भोपाल ब्यूरो मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के साथ प्रदेश के विभिन्न जिलों की महत्वपूर्ण खबरों के प्रकाशन का प्रमुख केंद्र है। भोपाल ब्यूरो से प्रदेश की सियासत, अपराध, व्यापार, खेल, धर्म-संस्कृति और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें सटीकता और निष्पक्षता के साथ प्रकाशित की जाती हैं।....
और पढ़ें