GST में कटौती के फैसले से बाजार की बल्ले-बल्ले, फेस्टिव सीजन में होगी रौनक, CM ने बताया ऐतिहासिक
भोपाल। महंगाई से जूझ रही जनता को राहत देते हुए केंद्र सरकार ने जीएसटी की दरों में भारी कटौती की है। जीएसटी काउंसिल की बैठक में देश में उपभोग को बढ़ावा देने के लिए कई रोजमर्रा के सामान और अन्य चीजों पर जीएसटी दरों में भारी कटौती करने के साथ 12 और 28 फीसदी के स्लैब को खत्म कर दिया है। जीएसटी दरों में यह कटौती आगामी 22 सितंबर से लागू होने जा रही है।
जीएसटी की दरों में कटौती के फैसले का चारों तरफ स्वागत हो रहा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के साथ प्रदेश के व्यापारियों बंधुओं ने सरकार के फैसले का स्वागत किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर जो कहा उसे जीएसटी में विभिन्न प्रकार की राहत देकर एक माह की अवधि में ही पूरा कर आम व्यक्ति को राहत देने का ऐतिहासिक कार्य किया है। जीएसटी में दी गई राहत सभी वर्गों के सशक्तिकरण में लाभदायी सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा विभिन्न वैश्विक चुनौतियों के बाद भी आम जन के हित में जीएसटी में राहत दिए जाने का निर्णय लिया जाना ऐतिहासिक और अद्वितीय है।
वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में जीएसटी काउंसिल का निर्णय ऐतिहासिक है। अब तक 28 परसेंट तक जीएसटी लगता था जिसको खत्म कर दिया गया है। और आम उपभोक्ताओ के इस्तेमाल में आने वाले वस्तुओं के साथ रोटी और 33 प्रकार की दवाओं को जीएसटी से मुक्त किया गया है जो इस साल का ऐतिहासिक फैसला है।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री और स्वर्ण व्यापारी नवनीत अग्रवाल कहते हैं कि जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में जीएसटी की दरों में कटौती का निर्णय लिया गया है। सरकार ने रोजमर्रा के जीवन में इस्तेमाल की जाने वाली वस्त्ओं पर जीएसटी में भारी कमी की है। इसके साथ कुछ दवाओं को जीएसटी से बाहर किया गया है, इससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
वह कहते हैं कि जीएसटी दरों में कमी का फैसला फेस्टिव सीजन के समय आय़ा है जब उपभोक्ता बड़ी संख्या में बाजार में खरीददारी के लिए निकलता है, इसका सीधा असर बाजार पर पड़ेगा। इस फैसले से उपभोक्ता खरीददारी में जो मंदी के संकेत मिल रहे थे उस पर भी विराम लगेगा। इसके साथ ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दशा में सरकार का यह कदम बहुत महत्वपूर्ण है। निश्चित रूप से जीएसटी काउंसिल और भारत सरकार का यह निर्णय स्वागतयोग्य है और अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल इसका स्वागत करता है।
वहीं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मण्डल मध्यप्रदेश के प्रांतीय महासचिव और गल्ला व्यापारी अनुपम अग्रवाल कहते हैं कि केंद्र सरकार द्वारा 12 और 28 प्रतिशत GST स्लैब को हटाने के साथ टैक् की राशि में भारी कमी की गई है। जीएसटी में इस बड़ी राहत देने के लिए वह केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते है। जीएसटी में इस कमी से दैनिक जीवन की कई वस्तुओं को 18℅ से घटाकर कर 5% परसेंट किया जा रहा है, साथ ही चीजो पर भी भारी कटौती की जा रही है, इससे उपभोक्ताओ को बहुत रहत मिलेगी और व्यापारियों का व्यापार बहुत बढेगा।