शनिवार, 5 अक्टूबर 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Major decisions of Dr. Mohan Yadav open air cabinet meeting in Sigrampur
Last Modified: शनिवार, 5 अक्टूबर 2024 (17:48 IST)

मध्यप्रदेश में जैन आयोग के गठन को कैबिनेट की मंजूरी, अहिल्या बाई के नाम पर दशहरा पर शस्त्र पूजन

मध्यप्रदेश में जैन आयोग के गठन को कैबिनेट की मंजूरी, अहिल्या बाई के नाम पर दशहरा पर शस्त्र पूजन - Major decisions of Dr. Mohan Yadav open air cabinet meeting in Sigrampur
भोपाल। रानी दुर्गावती की जयंती पर आज डॉ. मोहन यादव कैबिनेट की पहली ओपन-एयर कैबिनेट दमोह जिले के सिग्रामपुर में हुई। बैठक में मध्यप्रदेश में जैन आयोग के गठन को कैबिनेट ने अपनी मंजूरी दी है। इसके साथ प्रदेश में इस बार दशहरा पर्व पर होने वाला शस्त्र पूजन लोकमाता देवी अहिल्या बाई के नाम पर होगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण की प्रतीक थी। लगभग 300 वर्ष पहले महिला सशक्तिकरण के लिए उनके द्वारा अपने शासनकाल में अनेक काम कराए गए। इसलिए इस वर्ष विजयादशमी पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम लोकमाता देवी अहिल्या बाई के नाम पर किया जाएगा। देवी अहिल्याबाई के शासन स्थल महेश्वर में शस्त्र पूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री खुद शामिल होंगे।

इससे साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि विशेष सशस्त्र पुलिस बल (SAF) की 35वीं बटालियन, मण्डला का नामकरण वीरांगना रानी दुर्गावती जी के नाम पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि वीरांगना रानी दुर्गावती के शासन सूत्र, जनकल्याणकारी नीतियां और शासन कुशलता अविस्मरणीय है। रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती को सार्थक करते हुए मंत्रि परिषद की बैठक दमोह जिले के संग्रामपुर में आयोजित की गई है।

इसके साथ कैबिनेट ने रानी दुर्गावती स्मारक जबलपुर में मदन महल पहाड़ी के 24 एकड़ भूमि पर 100 करोड़ की लागत से तैयार किया जाएगा। स्मारक में संग्रहालय, ओपन एयर थिएटर, जल संरक्षण संरचनाएं, फूड जोन, रानी दुर्गावती की कांस्य प्रतिमा आदि निर्मित किए जायेगे। बैठक में वीरांगना रानी दुर्गावती के सिंगौरगढ़ दुर्ग के इतिहास, महत्व, वास्तुकला और अन्य विशेषता पर निर्मित ब्रोशर का विमोचन भी किया। मंत्रि परिषद की बैठक के दौरान वीरांगना रानी दुर्गावती के जीवन, संघर्ष और कल्याणकारी कार्यों के महत्व को प्रदर्शित करता एवं उद्यान परियोजना पर आधारित वीडियो का प्रदर्शन किया गया।

शक्ति अभिनंदन अभियान- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कहा कि सम्पूर्ण प्रदेश में 2 अक्टूबर से 11 अक्टूबर तक 'शक्ति अभिनंदन अभियान" चलाया जा रहा है। जिसमें जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम स्तर महिला सशक्तिकरण और जागरूकता पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। अब 5 अक्टूबर से संवाद कार्यक्रम, मानसिक स्वास्थ्य संवेदी कार्यक्रम, सोशल मीडिया कैंपेन और शक्ति संवाद जैसे कार्यक्रम संचालित किए जायेगे। संवाद कार्यक्रम के अन्तर्गत बदलाव की कहानियाँ, रोजगार, व्यवसाय एवं उद्यमिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी पर संवाद के साथ महिला एवं बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। बालिकाओं के प्रशिक्षण के लिए सशक्त वाहिनी पंजीयन, सेफ्टी वॉक का आयोजन किया जाएगा । मानसिक स्वास्थ्य संवेदी कार्यक्रम और विकास में महिला भागीदारी पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा।

बालिकाओं द्वारा मार्शल आर्ट का प्रदर्शन, सकारात्मक पुरूष भागीदारी पर चर्चा और महिला सुरक्षा वातावरण निर्माण के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके साथ साइबर सिक्योरिटी/सोशल मीडिया सिक्योरिटी पर प्रशिक्षण, 'मैं निडर हूँ : बालिकाओं का दृष्टिकोण" के लिए सोशल मीडिया कैम्पेन चलाया जाएगा। और सबसे महत्वपूर्ण ''शक्ति संवाद" अंतर्गत प्रदेश के समस्त थानों पर महिला सुरक्षा के लिए संवाद किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिला नेतृत्व पर आधारित विकास, महिला सशक्तिकरण, महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केन्द्रित विभिन्न गतिविधियों, कार्यक्रमों का निरन्तर क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने मंत्रि परिषद के सभी सदस्यों और विधायकों को उनके विधानसभा क्षेत्र और जिले के कार्यक्रमों में शामिल होने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे है। आगामी 16 अक्टूबर को हैदराबाद में रोड शो किया जाएगा। भोपाल में 17 और 18 अक्टूबर को माइनिंग कॉन्क्लेव और 23 अक्टूबर को में रीवा रीजनल इन्वेस्टर मीट आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि परिषद के सदस्यों को बताया कि सागर में हुए इनवेस्टर मीट से लगभग 23181 करोड़ रूपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिसमें लगभग 23375 रोजगार सृजन संभावित है। इनवेस्टर मीट में 10 राज्यों से आए 3500 से अधिक निवेशकों और प्रतिभागियों ने सहभागिता की। रीजनल इण्डस्ट्री कान्क्लेव सागर 2024 में 96 इकाईयों के आशय पत्र जारी किये गये जिनमें 240 एकड़ भूमि आवंटित की गई।

रानी दुर्गावती के सुशासन, कार्यकुशलता और महिलाओं के सशक्तिकरण से प्रेरित कैबिनेट बैठक के हाल का डिज़ाइन तैयार किया गया। रानी दुर्गावती के किले की भव्यता को प्रतिबिंबित करते हुए निर्माण की गई संरचना में किला-नुमा प्रवेशद्वार और रानी दुर्गावती के जीवन की प्रमुख घटनाओं को प्रदर्शित करती पेंटिंग भी लगाई गई थी ।
ये भी पढ़ें
10 साल में 65 हजार Cyber Fraud, इंदौर में ही Digital Arrest के 27 केस, तैयार होंगे 5 हजार सायबर कमांडो