• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. मध्यप्रदेश
  4. Chief Minister flags off two wheelers for women help-desk
Written By Author विकास सिंह
Last Updated : शुक्रवार, 28 जुलाई 2023 (19:25 IST)

CM शिवराज ने महिला हेल्प-डेस्क के लिए दो पहिया वाहनों को किया फ्लैग ऑफ

महिलाओं को बराबरी का दर्जा दिलाने के लिए उन्हें सुरक्षित वातावरण देना जरूरी :

CM शिवराज ने महिला हेल्प-डेस्क के लिए दो पहिया वाहनों को किया फ्लैग ऑफ - Chief Minister flags off two wheelers for women help-desk
भोपाल। मध्यप्रदेश में थानों में काम कर रही उर्जा महिला हेल्प डेस्क की महिला पुलिस कर्मियों को दोपहिया वाहन प्रदान करने का कार्यक्रम भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 250 महिला पुलिस कर्मियों की स्कूटर रैली को फ्लैग ऑफ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि आधी आबादी के साथ न्याय के बिना न देश आगे बढ़ सकता है न समाज। बहन बेटियों की झिझक टूटे, उनका आत्मविश्वास और सम्मान बड़े इसी उद्देश्य से पुलिस बल में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण के साथ-साथ लाड़ली लक्ष्मी, कन्या विवाह जैसी योजनाएं और कार्यक्रम आरंभ किए गए। जब तक हम बहन-बेटी को समाज में बराबरी पर लाकर नहीं खड़ा कर देते, तब तक हम चैन की सांस नहीं लेंगे। इसमें महिला सुरक्षा सबसे अहम है। अपराधियों में भय पैदा करने महिला हेल्प डेस्क को वाहन उपलब्ध कराकर गतिशील बनाने और महिलाओं के प्रति सम्मान का भाव विकसित करने के लिए आरंभ किया गया "अभिमन्यु अभियान", महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

मुख्यमंत्री ने महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों के प्रति पुरुषों को जागरूक करने तथा महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से संचालित अभिमन्यु अभियान की पुस्तिका "अभिमन्यु" का विमोचन भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटा-बेटी में भेद और घरेलू हिंसा की विकृत सोच को बदलने की जरूरत है। पुलिस में 30% महिलाओं की भर्ती से पीड़ित महिलाओं को थानों में अपनी व्यथा बयान करने और उस पर कार्रवाई कराने में मदद मिली है। महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम क्रूर नहीं हैं, किंतु प्राय: यह देखा गया है कि बुरी प्रवृत्ति के लोग कड़ी कार्यवाही के बिना मानते नहीं है, अपराधियों में भय पैदा करना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने महिला पुलिस कर्मियों का आव्हान किया कि वे आंतरिक देवत्व को जागृत कर दुर्जनों पर कार्यवाही करें और बहन बेटियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में सहयोगी बने। इससे बहन-बेटियों का आत्मविश्वास और सम्मान बढ़ेगा और पुलिसकर्मियों की यश और कीर्ति का विस्तार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन मुस्कान जैसे महिला सुरक्षा के लिए संचालित किए जाने वाले अभियानों को निरंतर चलाने की आवश्यकता है। अभिमन्यु अभियान महिलाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने और बच्चों व युवाओं में संस्कार विकसित करने में सहायक होगा।

मुख्यमंत्री ने पुलिस बैंड पर बज रही "मध्यप्रदेश पुलिस हैं हम", "यह भारत देश है मेरा" और "सारे जहां से अच्छा हिंदुस्ता हमारा" गानों की धुन पर 250 दोपहिया वाहनों की रैली को फ्लैग ऑफ किया।