शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. lok sabha elections 2024 bjp 5th list released ticket to maneka gandhi arun govil see full list
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 25 मार्च 2024 (00:13 IST)

BJP List : वरुण गांधी और अश्विनी चौबे का टिकट कटा, कंगना, अरुण गोविल, नवीन जिंदल और सीता सोरेन बने भाजपा उम्मीदवार

111 उम्मीदवारों की 5वीं सूची

BJP List  : वरुण गांधी और अश्विनी चौबे का टिकट कटा, कंगना, अरुण गोविल,  नवीन जिंदल और सीता सोरेन बने भाजपा उम्मीदवार - lok sabha elections 2024 bjp 5th list released ticket to maneka gandhi arun govil see full list
मेनका गांधी को सुल्तानपुर से टिकट 
जितिन प्रसाद पीलीभीत से लड़ेंगे चुनाव
वीके सिंह का भी टिकट कटा
 
lok sabha elections 2024 bjp 5th list :  भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने लोकसभा चुनाव के लिए रविवार को 111 उम्मीदवारों की 5वीं सूची जारी कर दी। पांचवीं सूची में 111 उम्मीदवारों में से 20 महिलाएं शामिल हैं।  पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री वीके सिंह की जगह गाजियाबाद से स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को टिकट दिया है, जबकि बिहार के बक्सर से केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे का टिकट काटकर उनके स्थान पर मिथिलेश तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। 
 
पीलीभीत से वर्तमान सांसद वरुण गांधी का टिकट काटकर उनके स्थान पर राज्य सरकार में मंत्री जितिन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि उनकी मां मेनका गांधी को सुल्तानपुर से फिर से टिकट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को ओडिशा के संबलपुर से उम्मीदवार बनाया गया है।
पार्टी की इस सूची में फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत का भी नाम है। उन्हें हिमाचल प्रदेश के मंडी से टिकट दिया गया है। कुछ देर पहले ही भाजपा में शामिल होने वाले पूर्व सांसद नवीन जिंदल को पार्टी ने कुरुक्षेत्र से अपना उम्मीदवार बनाया है।
 
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह एक बार फिर बेगूसराय से चुनाव लड़ेंगे, जबकि बिहार से ही ताल्लुक रखने वाले अन्य केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय उजियारपुर से और आर के सिंह आरा से चुनाव लड़ेंगे। 
arun govil
पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद को एक बार फिर पटनासाहिब से, रामकृपाल यादव को पाटलिपुत्र से और सुशील कुमार सिंह को औरंगाबाद से टिकट दिया गया है। राज्यसभा सदस्य विवेक ठाकुर को नवादा से उम्मीदवार बनाया गया है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह पूर्वी चम्पारण से, जबकि संजय जायसवाल एक बार फिर पश्चिमी चम्पारण से चुनाव लड़ेंगे।
 
झारखंड के दुमका से भाजपा ने सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया है। सीता सोरेन झारखंड के पूर्व रिपीट पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की भाभी हैं और पिछले दिनों उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ वायनाड सीट से भाजपा ने केरल इकाई के पूर्व अध्यक्ष के सुरेंद्रन को उम्मीदवार बनाया है।

गोवा में पल्लवी डेम्पो : डेम्पो इंडस्ट्रीज की कार्यकारी निदेशक पल्लवी डेम्पो गोवा में भाजपा के चुनावी इतिहास में पहली महिला उम्मीदवार हैं जो पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगी। गोवा की उद्यमी और शिक्षाविद् डेम्पो के पास एमआईटी, पुणे से रसायन विज्ञान में स्नातक की डिग्री और व्यवसाय प्रबंधन (एमबीए) में स्नातकोत्तर की डिग्री है।
 
पल्लवी डेम्पो (49) डेम्पो इंडस्ट्रीज की मीडिया और रियल एस्टेट शाखा की कार्यकारी निदेशक हैं। दक्षिण गोवा सीट का प्रतिनिधित्व वर्तमान में कांग्रेस नेता फ्रांसिस्को सरदिन्हा कर रहे हैं। पूर्व में भाजपा इस सीट पर दो बार जीत हासिल कर चुकी है।
 
डेम्पो के पति श्रीनिवास डेम्पो उद्योगपति हैं जो गोवा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (जीसीसीआई) के प्रमुख हैं।

राज्यों की कितनी सीटें : 5 वीं सूची में पश्चिम बंगाल की 19 सीटों, ओडिशा की 18 सीटों, बिहार में भाजपा की सभी 17 सीटों, उत्तर प्रदेश की 13 सीटों, राजस्थान की 07 सीटों, आंध्र प्रदेश एवं गुजरात की 06-06 सीटों, हरियाणा, कर्नाटक एवं केरल की 04 - 04 सीटों, हिमाचल प्रदेश एवं तेलंगाना की 02-02 सीटों, झारखंड एवं महाराष्ट्र की 03-03 सीटों, गोवा, सिक्किम एवं मिजोरम की एक - एक सीट के उम्मीदवार शामिल हैं।

291 उम्मीदवार : भाजपा अब तक 291 लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी है। इनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, पश्चिम बंगाल, झारखंड, राजस्थान, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तराखंड, केरल और तेलंगाना समेत अन्य राज्यों के उम्मीदवार शामिल हैं। भोजपुरी गायक पवन सिंह सहित घोषित उम्मीदवारों में से चार ने विवाद होने के बाद अपने नाम वापस ले लिए हैं।
 
चुनाव के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन गडकरी सहित पार्टी के प्रमुख चेहरों के नामों की घोषणा पहले ही की जा चुकी है और वे सभी अपने मौजूदा निर्वाचन क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं। इनपुट भाषा Edited By : Sudhir Sharma