• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. India's status increased worldwide
Last Updated : बुधवार, 10 अप्रैल 2024 (15:34 IST)

राजनाथ बोले, मोदी के आने के बाद दुनियाभर में भारत की हैसियत बढ़ी, कद ऊंचा हुआ

हम भारत का मस्तक कभी झुकने नहीं देंगे

राजनाथ बोले, मोदी के आने के बाद दुनियाभर में भारत की हैसियत बढ़ी, कद ऊंचा हुआ - India's status increased worldwide
India's status increased worldwide : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने बुधवार को सहारनपुर (UP) में दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद दुनियाभर में भारत का कद ऊंचा हुआ है। सहारनपुर में भाजपा (BJP) उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव प्रचार के दौरान एक जनसभा में राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के बाद पूरी दुनिया में भारत का कद बढ़ा है।

 
दुनियाभर में भारत की हैसियत बढ़ी, कद ऊंचा हुआ : पहले जब अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत बोलता था तो उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता था। लेकिन आज दुनिया कान खोलकर सुनती हैं कि आखिर भारत बोल क्या रहा है? इससे पता चलता हैं कि दुनियाभर में भारत की हैसियत बढ़ी हैं, दुनियाभर में भारत का कद ऊंचा हुआ है।
 
हम भारत का मस्तक कभी झुकने नहीं देंगे : उन्होंने कहा कि देश का रक्षामंत्री होने की हैसियत से मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि हम भारत का मस्तक कभी झुकने नहीं देंगे। भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा बल्कि ताकतवर बन गया है। कुछ साल पहले लोगों के बीच यह धारणा थी कि नेता वोट लेने के लिए झूठ बोलते हैं और चले जाते हैं। उन्हें जनता या जनता की परवाह नहीं है। उन्होंने कहा कि देश में राजनेताओं और राजनीतिक दलों के प्रति यही आम धारणा थी।

राजनीति देश बनाने के लिए हो : उन्होंने कहा कि भाजपा ने इस धारणा को बदला है और दिखाया है कि राजनीति कैसे की जाती है? यह हमारा चरित्र है कि हम जो कहते हैं वह करते हैं। रक्षामंत्री ने कहा कि अक्सर राजनीतिक दल अपने घोषणा पत्र में बड़े-बड़े वादे करते हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद सब भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश बनाने के लिए की जानी चाहिए और भारतीय जनता पार्टी यही काम कर रही है।
 
विश्वास के संकट पर काबू पाया : सिंह ने कहा कि हमने राजनीति में विश्वास के संकट पर काबू पा लिया है। हमने अनुच्छेद 370 हटाने का वादा किया था और सत्ता में आने के बाद हमने यह किया। हमने तीन तलाक खत्म करने का वादा किया था और संसद में बहुमत मिलने के बाद हमने इसे हटा दिया। हम जो कहते हैं, वह करते हैं। सहारनपुर में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta
ये भी पढ़ें
दिग्विजय का सवाल, कच्चातीवु द्वीप पर कोई रहता है क्या?