शनिवार, 20 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. लोकसभा चुनाव 2019
  3. समाचार
  4. Uma Bharti attacks Priyanka Gandhi
Written By
Last Updated :दुर्ग , बुधवार, 17 अप्रैल 2019 (11:39 IST)

उमा भारती बोलीं, प्रियंका गांधी चोर की पत्नी, हिन्दुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा

उमा भारती बोलीं, प्रियंका गांधी चोर की पत्नी, हिन्दुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा - Uma Bharti attacks Priyanka Gandhi
केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने मंगलवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि प्रियंका चोर की पत्नी हैं और हिन्दुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा।
 
दुर्ग लोकसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान जब संवाददाताओं ने प्रियंका गांधी के चुनाव लड़ने और सक्रिय राजनीति में आने को लेकर भारती से सवाल किया तब उन्होंने कहा कि उनके पति पर चोरी का आरोप है। चोर की पत्नी को किस नजर से देखा जाता है, हिंदुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा। 
 
प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने के सवाल पर भारती ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। उमा भारती ने चुनाव आयोग द्वारा योगी आदित्यनाथ और आजम खान के खिलाफ की गई कार्रवाई के संबंध में कहा कि आयोग ने योगी जी और आजम खान को एक जैसा दंड सुनाया है। जबकि दोनों के अपराध में बहुत बड़ा अंतर है।
 
उन्होंने कहा कि एक का तो मामला इतना है कि मायावती जी ने कुछ कहा और उसकी प्रतिक्रिया में योगी जी ने कुछ कहा। उन्होंने भगवान का नाम लिया। किसी महिला का या किसी का अपमान नहीं किया।
 
समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान ने किया है। उनके हिसाब से तो उन पर जो कार्रवाई होनी चाहिए वह सिर्फ बोलती बंद कर देनी की नहीं होनी चाहिए। बल्कि भारतीय दंड प्रक्रियाओं के अंतर्गत भारत की महिलाओं के अपमान करने के जितने भी कायदे कानून होते हैं वह सब उनपर लागू होने चाहिए। उनको अयोग्य ठहराया जाना चाहिए।
 
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दो लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने को लेकर भी उमा भारती ने कहा कि वह अपनी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। वह कहीं से भी चुनाव लड़ सकते हैं। पर अमेठी की जो रिपोर्ट सामने आई है उसको आधार बनाकर राहुल गांधी ने दो सीट से लड़ने का फैसला लिया है। मतलब यह है कि उन्होंने अमेठी से पहले ही अपनी हार मान ली है।
 
राज्य में वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को एक मात्र दुर्ग सीट से हार का सामना करना पड़ा था। इस वर्ष हो रहे चुनाव में भाजपा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के रिश्तेदार और पाटन क्षेत्र के पूर्व विधायक विजय बघेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। जिनका मुकाबला कांग्रेस की प्रतिमा चंद्राकर से है। (भाषा)