1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. Phil Simmons cricket coach West Indies Cricket Team

वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को शुरुआती झटकों से बचना होगा : सिमन्स

Phil Simmons
लंदन। वेस्टइंडीज के कोच फिल सिमन्स ने कहा कि उनकी टीम को शुरुआती झटकों से बचना होगा जिससे अकसर विदेशों में उसका अभियान प्रभावित होता है और उसे 2017 में हेडिंग्ले टेस्ट में मिली जीत से प्रेरणा लेते हुए इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला में शुरू से बढ़त लेने का प्रयास करना चाहिए। 
 
वर्ष 2017 में पिछले टेस्ट दौरे पर बल्लेबाजी में विफलता के कारण बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती मैच में वेस्टइंडीज को पारी और 209 रन से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन वेस्टइंडीज ने दूसरे टेस्ट में शानदार वापसी करके हेंडिग्ले में 322 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 विकेट से जीत हासिल की थी। 
 
सिमन्स ने ‘क्रिकेट, ऑन द इनसाइड’ वेबीनार में शुक्रवार को कहा, ‘हम उससे प्रेरणा ले रहे हैं। हेडिंग्ले से पहले टेस्ट मैच काफी खराब रहा था और हम जब भी दौरों पर जाते हैं, ऐसा लगभग ज्यादातर होता है। हम सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहे हैं कि उस हारने वाले मैच को याद ही नहीं करें और हम सही तरीके से शुरुआत करें।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘हम दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टेस्ट टीमों में से एक के खिलाफ खेल रहे हैं और हमें फ्रंटफुट से शुरुआत करने की जरूरत है। हम हेडिंग्ले की यादों को वापस लाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि हम जोश से भरे रहें।’ 
 
तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला से कोरोनावायरस के कारण लगे ब्रेक के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट बहाल होगा। पहला टेस्ट 8 जुलाई से साउथम्पटन के एजेस बाउल में जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में शुरू होगा। (भाषा)
अगला लेख
बेसबॉल लीग के 31 खिलाड़ी और 7 स्टाफ कोविड-19 पॉजिटिव