बुधवार, 30 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. TCS, market capitalization, Tata Consultancy Services
Written By
Last Modified: मुंबई , गुरुवार, 12 मई 2016 (22:03 IST)

टीसीएस का बाजार पूंजीकरण फिर 5 लाख करोड़ रुपए के पार

TCS
मुंबई। देश की सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर सेवा निर्यातक टाटा कंसलटेंसी सर्विसेस (टीसीएस) का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) फिर 5 लाख करोड़ रुपए के आंकड़े के पार निकल गया है।
 
आईटी क्षेत्र की इस दिग्गज कंपनी ने इससे पहले जुलाई, 2014 में 5 लाख करोड़ रुपए का बाजार पूंजीकरण हासिल किया था। इस उपलब्धि को हासिल करने वाली यह एकमात्र भारतीय कंपनी है।
 
बंबई शेयर बाजार में कारोबार बंद होने के समय टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 5,05,818.70 करोड़ रुपए था। डॉलर मूल्य में यह 76 अरब डॉलर बैठता है, वहीं टाटा समूह की आठ अन्य सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण 2,27,869.13 करोड़ रुपए पर है।
 
बीएसई में टीसीएस का शेयर 1.96 प्रतिशत चढ़कर 2,567.05 रुपए पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान यह 2 प्रतिशत बढ़कर 2,570 रुपए तक पहुंच गया था। बाजार पूंजीकरण के हिसाब से यह देश की सबसे मूल्यवान कंपनी है।
 
बाजार पूंजीकरण के लिहाज से टीसीएस के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज का नंबर आता है। उसका बाजार पूंजीकरण 3,21,227.56 करोड़ रुपए है। इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण 2,77,976.24 करोड़ रुपए और आईटीसी का 2,56,705.90 करोड़ रुपए है। अन्य बड़ी आईटी कंपनियों में विप्रो का बाजार पूंजीकरण 1,33,937.37 करोड़ रुपए और एचसीएल टेक्नोलॉजीज का 1,00,989.05 करोड़ रुपए है।  (भाषा) 
ये भी पढ़ें
OMG! इस समाजसेवक के पास हैं इतनी डिग्रियां...