रविवार, 29 सितम्बर 2024
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. व्यापार
  3. समाचार
  4. Petrol Diesel, Petrol, Diesel Prices
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 11 जून 2017 (17:57 IST)

एसएमएस से जान सकेंगे पेट्रोल-डीजल का भाव

एसएमएस से जान सकेंगे पेट्रोल-डीजल का भाव - Petrol Diesel, Petrol, Diesel Prices
नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल के 16 जून से हर दिन भाव बदलने का डीलरों द्वारा विरोध किए जाने के बीच तेल विपणन कंपनियों ने कहा कि इसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अधिकांश डीलरों को शाम आठ बजे ही अगले दिन के भाव मिल जाएंगे तथा उपभोक्ता एसएमएस भेजकर अपने शहर के पेट्रोल, डीजल के दाम जान सकेंगे।
  
तेल विपणन करने वाली देश की सबसे बड़ी सरकारी कंपनी इंडियन ऑइल कॉर्पोरेशन ने यहां जारी बयान में कहा कि हिन्दुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के साथ मिलकर देश के पांच शहरों में पहले यह काम पायलट के तौर पर शुरू किया गया और उसकी सफलता को देखते हुए अब इसे 16 जून पूरे देश में लागू किया जा रहा है।
 
इंडियन ऑइल ने कहा कि उपभोक्ताओं की सरलता और सुगमता के उपाय भी किए गए हैं। मोबाइल एप के जरिए सभी शहरों के अपडेट भाव देखे जा सकेंगे। इसके साथ ही उपभोक्ता अपने शहर के भाव को एसएमएस के जरिए भी जान सकेंगे। इसके लिए आरएसपी स्पेस डीलर कोड लिख कर 9224992249 पर एसएमएस भेजना होगा। सभी पेट्रोल पंपों पर डीलर का कोड प्रदर्शित किया जाएगा।
 
उसने कहा कि इसके जरिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाले छोटे-छोटे बदलाव के लाभ भी डीलरों और उपभोक्ताओं तक पहुंचाना सुनिश्चित हो सकेगा। इंडियन ऑइल ने कहा कि 40 दिनों तक चंडीगढ़, जमशेदपुर, पुड्डुचेरी, उदयपुर और विशाखापत्तनम में पेट्रोल और डीजल के दाम हर दिन बदले हैं।
 
कंपनी ने कहा कि उपभोक्ताओं को कीमतों को लेकर कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए डीलर प्रशिक्षित किए गए हैं। देश में इंडियन ऑइल के 26 हजार से अधिक डीलर हैं और उन्हें अगले दिन के भाव शाम आठ बजे मिल जाएंगे इसके साथ ही उसके 10 हजार पेट्रोल पंप ऑटोमेटेड हैं जिसके भाव स्वत: ही अपडेट हो जाएंगे। इसके अतिरिक्त ऐसी प्रौद्योगिकी भी उपलब्ध कराई जा रही है जिससे मध्यरात्रि में भाव बदल जाएंगे। जो पेट्रोल पंप ऑटोमेटेड नहीं हैं उसके डीलरों को पेट्रोल और डीजल के भाव बदलने की जानकारी चार माध्यमों एसएमएस, ई मेल, मोबाइल एप और वेब पोर्टल के जरिए दी जाएगी। यह जानकारी ऑटोमेटेड डीलरों को भी मिलेगी।
 
कंपनी ने कहा कि जिस तरह से डीलर अभी भाव बदलते हैं उसी तरह से दैनिक भाव बदले जाएंगे। डीलरों को हर दिन बिक्री शुरू करने से पहले कीमतों में बदलाव को सुनिश्चत करना होगा और कीमतों में जो बदलाव होंगे उसे सभी डीलरों को तत्काल प्रदर्शित करना होगा ताकि ग्राहकों को उसकी जानकारी मिल सके। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
ई-शिकायत के लिए सरकार ने शुरू की हेल्पलाइन