1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

भर्ती जारी रखेंगी दो कंपनियाँ

आर्थिक मंदी के दौर में अच्छी खबर

एलएंडटी
NDND
नई दिल्ली। विश्वव्यापी आर्थिक मंदी के दौर में भारत से अच्छी खबरें हैं। सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की कंपनी इंफोसिस टेक्नॉलॉजी लि. का कहना है कि वह कर्मचारियों को भर्ती करने की प्रक्रिया जारी रखेगी। उधर इंजीनियरिंग और निर्माण क्षेत्र की कंपनी लार्सन एंड टूब्रो ने कहा है कि वह अगले 3 वर्ष में अपने नए संयुक्त उपक्रमों के लिए 10 हजार लोगों की भर्तियाँ करेंगी।

इंफोसिस टेक्नॉलॉजी लि.कंपनी के सह संस्थापक और सह अध्यक्ष नंदन एम. निलेकानी ने यहाँ इंडिया इकॉनॉमिक समिट के दौरान बताया कि मंदी के इस दौर में भी हमारी कंपनी लोगों को भर्ती करने की अपनी योजना को जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि इस वित्त वर्ष में सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में पिछले 4 वर्ष जैसी वृद्धि देखने को नहीं मिलेगी। गौरतलब है कि देश की दूसरी सबसे बड़ी दूरसंचार क्षेत्र की कंपनी टाटा कंसलटेंसी सर्विसेज ने इस वर्ष 30 से 35 हजार नई भर्तियों की योजना बनाई है।

लार्सन एंड टूब्रो के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक एएम नायक ने रविवार को यहाँ कहा कि चालू वित्त वर्ष में कंपनी की आमदनी के लक्ष्य पर कोई असर नहीं पड़ेगा और अगले 3 वर्ष में कंपनी देश में 10 हजार नई भर्तियाँ करेगी। उन्होंने कहा कि कंपनी रेलवे, बिजली और जहाजरानी क्षेत्र में नए संयुक्त उपक्रम स्थापित करेगी और ये भर्तियाँ तकनीकी विशेषज्ञता के क्षेत्र में की जाएँगी। कंपनी गुजरात में ही 6 नई परियोजनाओं को क्रियान्वित कर रही है, जिनसे 7 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। इनमें से 3 परियोजनाएँ कंपनी की हैं, जबकि अन्य संयुक्त उपक्रम हैं।

कंपनी इस समय चेन्नई और कोयंबटूर में अपनी नई परियोजनाओं के लिए नई भर्तियाँ कर रही है।