1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर

ट्राई ने ऑपरेटरों से जानकारी माँगी

आईटी
नई दिल्ली, इस तरह के आरोपों के बीच कि नए दूरसंचार ऑपरेटर बाजार को बिगाड़ने वाली दरों की पेशकश कर रहे हैं, दूरसंचार नियामक ट्राई ने सेवा प्रदाताओं से दर योजनाओं की जानकारी माँगी है। ट्राई इस बारे में परामर्श पत्र जारी कर सकता है।

टाटा टेलीसर्विसेज ने सबसे पहले एक पैसे प्रति सेकेंड की बिलिंग दर की पेशकश की थी। उसके बाद भारती एयरटेल ने ट्राई से यह सुनिश्चित करने को कहा था कि कोई भी ऑपरेटर लागत से कम की दर की पेशकश न कर सके।

यह पूछे जाने पर क्या दूरसंचार नियामक बाजार बिगाड़ने वाली दरों पर परामर्श पत्र जारी करेगा, ट्राई के चेयरमैन जे एस शर्मा ने कहा, ‘हमने ऑपरेटरों से उनकी दर योजनाओं के बारे में जानकारी माँगी है। अगर जरूरी हुआ तो हम परामर्श पत्र जारी कर सकते हैं।’ उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई समयसीमा तय नहीं की गई है।

कुछ ऑपरेटरों ने पहले ही अपने दर योजनाओं की जानकारी मुहैया करा दी है। फिलहाल मोबाइल की दरें बाजार के आधार पर तय होती हैं और इनका नियमन नहीं होता। हालाँकि, कुछ दूरसंचार कंपनियों का मानना है कि ट्राई को दरों के उपर के स्तर को निश्चित कर देना चाहिए।

ट्राई ने अभी इस बारे में फैसला नहीं किया है कि इस पर विचार किया जाए या दरों को बाजार पर ही छोड़ दिया जाए। (भाषा)
लेखक के बारे में
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।.... और पढ़ें