आपके हाव-भाव से चलेगा जीमेल
ND
फास्ट एक मिडलवेयर है जो कंप्यूटर गेम्स या वर्चुअल रियलिटी एप्लिकेशंस में पूर्ण शारीरिक नियंत्रण मुहैया कराता है।
इस सॉफ्टवेयर में एक कैमरा लगा होता है जो मोशन सेंसर जैसे कि माइक्रोसॉफ्ट कायनेक्ट और कंप्यूटर सिस्टम के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए काम करता है। जीमेल को नियंत्रित करने के लिए वीडियो गेम मोशन सेंसर कायनेक्ट के साथ फास्ट का बखूबी प्रयोग किया गया है।
फास्ट के डेवलपर इवान ए सुमा का कहना है कि यह एप्लिकेशन भले ही हास्यास्पद और बेतुका लगे पर यह भविष्य की कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी की ताकत को दिखाता है।
दरअसल, कुछ दिन पहले जीमेल की टीम ने जीमेल मोशन बीटा : ए न्यू वे टू कम्यूनिकेट नाम से एक वीडियो जारी किया और उसमें बताया कि अब कोई भी व्यक्ति नई, उम्दा और क्रांतिकारी कंप्यूटिंग टेक्नोलॉजी की सहायता से जीमेल को अपने शारीरिक हाव-भाव से नियंत्रित कर सकता है।
बाद में पता चला कि कंपनी ने अप्रैल फूल बनाने के लिए ऐसा वीडियो जारी किया। लेकिन इस अप्रैल फूल को फ्लेक्जिबल एक्शन एंड आर्टिकुलेटेड स्केलेटन टूल किट (फास्ट) के डेवलपरों ने हकीकत बना दिया।

